भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) गुरुवार को अपनी आम सभा की 89वीं सालाना बैठक करने वाली है। इस दौरान बीसीसीआई कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेगी, जिसमें आईपीएल में दो नई टीमों को शामिल करने और भारत में वैश्विक टूर्नामेंटों को कर से छूट की आईसीसी की मांग समेत विभिन्न क्रिकेट समितियों का गठन एजेंडे में शामिल होगा।
बीसीसीआई के नए उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के चयन की भी औपचारिक घोषणा होगी जो सर्वसम्मति से चुने गए हैं। बृजेश पटेल आईपीएल संचालन परिषद के प्रमुख बने रहेंगे।
ऐसी भी अटकलें हैं कि बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली से उनके विज्ञापनों और उससे जुड़े हितों के टकराव के मामले पर भी सवाल किए जाएंगे लेकिन अभी इस पर कोई स्पष्टता नहीं है।
बैठक के दौरान आईपीएल 2022 के लिए दो नई टीमों को भी मंजूरी दी जाएगी। हालांकि बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘इस समय आईपीएल में दस टीमें रखना 2021 के लिए संभव नहीं है। इसके लिए निविदा की प्रक्रिया और नीलामी लंबा समय लेगी और इतने कम समय में यह मुमकिन नहीं।’ उन्होंने कहा, ‘यह सही होगा कि मंजूरी ले ली जाए और 2022 में 94 मैचों का टूर्नामेंट हो।’