बीसीसीआई की वर्किंग कमेटी में पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन को दोबारा बोर्ड के साथ जोड़ने का फैसला टल गया है। हाल ही में आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट ने अजहर पर मैच फिक्सिंग के आरोपों के कारण लगे बीसीसीआई के आजीवन प्रतिबंध को अवैध ठहराया था।
बोर्ड के एक सीनियर अधिकारी ने कहा, ‘बीसीसीआई ने अजहर के भविष्य पर फैसला टाल दिया है। वर्किंग कमेटी की बैठक में इस बात पर आम सहमति नहीं बन सकी कि अजहर पर आए कोर्ट के फैसले के खिलाफ अपील की जाए कि नहीं। बोर्ड की लीगल टीम अभी भी केस का अध्ययन कर रही है और अभी किसी भी नतीजे तक पहुंचने में कुछ वक्त लगेगा।’