ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वार्नर ने बिग बैश लीग में अपने नौ साल के अंतराल को समाप्त करने के लिए सिडनी थंडर के साथ दो साल का करार किया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिडनी टेस्ट के समापन के बाद उनके फ्रेंचाइजी के लिए उपलब्ध होने की उम्मीद है। वॉर्नर आठ जनवरी के बाद सिडनी थंडर के पांच मैच खेल सकते हैं। इसके बाद टेस्ट टीम चार टेस्ट के दौरे के लिए भारत के लिए रवाना होगी।
35 वर्षीय वॉर्नर को को नए यूएई टी20 टूर्नामेंट और बिग बैश में से किसी एक का चयन करना था। उन्होंने अपने देश के टूर्नामेंट को चुना है। वॉर्नर पिछली बार दिसंबर 2013 में बिग बैश में खेले थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में रहने और अपने पूर्व क्लब में लौटने के अपने फैसले का श्रेय अपनी बेटियों को दिया। वॉर्नर ने क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू पर कहा, "मेरी लड़कियों ने मुझसे कहा है कि वे मुझे बीबीएल में खेलते देखना पसंद करेंगी। एक परिवार के रूप में बीबीएल का हिस्सा बनना हमारे लिए बहुत अच्छा होगा।''
वार्नर की बीबीएल 12 में वापसी से पहले ट्रैविस हेड और मार्नस लाबुशाने ने क्रमशः एडिलेड स्ट्राइकर्स और ब्रिस्बेन हीट के साथ अनुबंध किया था। पैट कमिंस और मिशेल स्टार्क व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए प्रतियोगिता को छोड़ देंगे।
सिडनी थंडर को 13 जनवरी को पर्थ स्कॉर्चर्स, 15 जनवरी को होबार्ट हरिकेंस, 19 जनवरी को मेलबर्न रेनेगेड्स, 21 जनवरी को सिडनी सिक्सर्स और 25 जनवरी को मेलबर्न स्टार्स के खिलाफ खेलना है। ऑस्ट्रेलिया के लिए 96 टेस्ट, 133 वनडे और 91 टी20 मैच खेल चुके वॉर्नर फ्रेंचाइजी के इन मुकाबलों में खेल सकते हैं।