बिग बैश लीग में आंद्रे रसेल शुक्रवार को मेलबर्न स्टार्स के लिए अपना पहला मैच खेलेंगे, लेकिन उन्हें किसी खिलाड़ी को छूने की अनुमति नहीं होगी। गेंदबाजी के दौरान विकेट लेने पर भी वो बाकी खिलाड़ियों के साथ जश्न नहीं मना पाएंगे। मैच के बाद उनके लिए अलग से माइक की व्यवस्था की जाएगी, जिसके जरिए वो अपनी बात कहेंगे। उनका ड्रेसिंग रूम और डगआउट भी बाकी खिलाड़ियों से अलग होगा। सात दिन तक अपनी टीम और सपोर्ट स्टाफ से दूर रहने के बाद रसेल टीम के साथ जुड़ सकेंगे।
मेलबर्न के मैदान में रसेल के लिए अलग से गेट बनाया जाएगा, जिससे वो मैदान अंदर आएंगे और बाहर जाएंगे। उनके अलावा कोई भी दूसरा व्यक्ति इस गेट का इस्तेमाल नहीं करेगा। उनकी लिफ्ट अलग होगी और प्रैक्टिस के दौरान भी वो बाकी खिलाड़ियों से कम से कम दो मीटर दूर रहेंगे। फॉक्स स्पोर्ट्स की खबर के अनुसार कोरोना संक्रमण से बचने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने यह नियम बनाया है। इससे बाकी खिलाड़ियों को रसेल से कम खतरा रहेगा, जो हाल ही में यूएई टी-10 लीग खेलकर लौटे हैं।
डेविड हसे बोले- रसेल के साथ काम करने के लिए बेकरार
मलेबर्न स्टार्स के कोच डेविड हसी ने कहा है कि वो रसेल के साथ काम करने के लिए बेकरार हैं। रसेल जैसे खिलाड़ी का टीम में होना क्लब के लिए बड़ा करार है। हम चाहते हैं कि मेलबर्न में हमारे सबसे बेहतरीन खिलाड़ी मैदान में उतरें और आंद्रे एक विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं।" अपने पहले मैच में मेलबर्न स्टार्स को सिडनी सिक्सर्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। इसके बाद उन्होंने रसेल के साथ करार किया है और उन्हें अपनी 15 सदस्यी टीम में भी शामिल किया है।