ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज के साथ-साथ बिग बैश लीग पर कोरोना के कहर का असर देखने को मिल रहा है। बिग बैश लीग में 11 खिलाड़ी सहित 19 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। वहीं, एशेज सीरीज खेल रही इंग्लैंड के कोच क्रिस सिल्वरवुड कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। अब इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने बिग बैश में खेल रहे अपने छह खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया से वापस लौटने का आदेश दिया है।
इंग्लैंड के छह खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम के वेस्टइंडीज के दौरे से पहले आइसोलेट होने के लिए जल्दी घर जाने के लिए कहा गया है। ईसीबी ने टी20 टीम में चुने गए इंग्लैंड के खिलाड़ियों को 7 जनवरी तक ऑस्ट्रेलिया छोड़ने का आदेश दिया है। इंग्लिश टीम इस महीने के अंत में वेस्टइंडीज का दौरा करेगी।
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम सिडनी थंडर की ओर से खेलने वाले सैम बिलिंग्स, साकिब महमूद के अलावा एडिलेड स्ट्राइकर्स के जॉर्ज गार्टन, पर्थ स्कॉर्चर्स के टाइमल मिल्स, मेलबर्न रेनेगेड्स के रीस टोप्ले और सिडनी सिक्सर्स के जेम्स विंस हैं। ईसीबी के फैसले से बिग बैश लीग की टीमें नाराज हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया जल्द ही इस पर बयान जारी कर सकता है।
शुक्रवार (31 दिसंबर) को सिडनी थंडर्स की टीम ने इस बात की जानकारी दी थी कि उसके चार खिलाड़ी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सिडनी थंडर्स के बाद मेलबर्न स्टार्स ने यह कहा था कि उसके सात खिलाड़ी और आठ सपोर्ट स्टाफ कोरोना की चपेट में आ गए हैं। दोनों टीमों ने किसी खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ का नाम नहीं बताया।
एशेज सीरीज की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के मध्यक्रम के बल्लेबाज ट्रेविस हेड कोरोना संक्रमित हुए हैं। वे सिडनी में पांच जनवरी से होने वाले मुकाबले में टीम के सदस्य नहीं होंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने चौथे टेस्ट के लिए मिचेल मार्श, निक मैडिंसन और जोस इंग्लिश को टीम के साथ कवर के तौर पर जोड़ा है। वहीं, डेविड बून की जगह स्टीव बनार्ड मैच रेफरी होंगे। बून भी कोरोना संक्रमित पाए गए थे।