प्रिंस विलियम और केट के साथ सचिन तेंदुलकर
- फोटो : PTI Video Screengrab
प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन के साथ सचिन तेंदुलकर मुंबई की गलियों में नजर आए। इस दौरान इन्होंने गली क्रिकेट का लुत्फ उठाया और साथ में कुल्हड़ चाय भी पी। प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट तीन दिवसीय भारत दौरे पर आए हैं। इस दौरान इस रॉयल कपल ने क्रिकेट में हाथ आजमाया, कुल्हड़ चाय का आनंद लिया और बच्चों के साथ मुलाकात भी की। इसके वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहे हैं।
प्रिंस विलियम
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
बल्लेबाजी और गेंदबाजी में आजमाया हाथ
प्रिंस विलियम ने मुंबई में गली क्रिकेट खेला और बल्लेबाजी तथा गेंदबाजी का कौशल दिखाया। बल्लेबाजी करने के दौरान सचिन ने ऑन-ड्राइव शॉट खेला जिस पर सभी का ध्यान गया। दौरान शाही जोड़े ने एक विशेष रूप से लगाए गए चाय के स्टॉल पर पारंपरिक कुल्हड़ में चाय का भी आनंद लिया। वहीं, प्रिंस विलियम और केट ने बच्चों के साथ बातचीत की और स्थानीय म्यूजिशियन ने उनका मनोरंजन भी किया।
प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंड पर मुंबई दौरे का वीडियो भी शेयर किया है। इसमें मशहूर राजाबाई क्लॉक टावर भी दिख रहा है। खेल के दौरान सचिन तेंदुलकर प्रिंस विलियम को क्रिकेट के बारे में समझाते और मार्गदर्शन करते नजर आए। वहीं, केट मिडलटन मैदान के किनारे खड़े होकर मुस्कुराते हुए खेल का आनंद लेती दिखीं।
सचिन से क्रिकेट के किस्से सुनते दिखे विलियम और केट
मुलाकात के दौरान सामने आए दृश्यों में सचिन तेंदुलकर प्रिंस विलियम और केट मिडलटन के साथ क्रिकेट पर बातचीत करते नजर आए। सचिन हाथों के इशारों से खेल से जुड़ी कुछ बातें समझाते दिखे, जबकि विलियम और केट मुस्कुराते हुए उनकी बातें ध्यान से सुनते रहे। तीनों के बीच बातचीत काफी सहज और उत्साहपूर्ण रही। ऐसा लगा कि वे क्रिकेट के कुछ खास पलों को इशारों के जरिए दोबारा समझने की कोशिश कर रहे थे। सचिन तेंदुलकर ने कहा, 'हम 10 साल पहले क्रिकेट खेलने के लिए मिले थे। तब मैंने कहा था कि हम अभी मैदान में क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन अगली बार हम गली क्रिकेट खेलेंगे और फिर वे (प्रिंस विलियम) आए और हमारे साथ जुड़ गए।' प्रिंस के भारत यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि इसके पीछे एक बड़ा मकसद और उद्देश्य है। मैं शाही परिवार की बहुत सराहना करता हूं।'