बड़ौदा ने बुधवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2021 के तीसरे क्वार्टरफाइनल मुकाबले में हरियाणा को आठ विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही बड़ौदा की टीम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। अहमदाबाद के सरदार पटेल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा ने 20 ओवर्स में सात विकेट पर 148 रन बनाए। जवाब में बड़ौदा ने विष्णु सोलंकी (71*) और कप्तान केदार देवधर (43) की शानदार पारियों की बदौलत दो विकेट खोकर यह मैच अपने नाम कर लिया। अब 29 जनवरी को बड़ौदा का मुकाबला तमिलनाडु से होगा। बता दें कि सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के दूसरे क्वॉर्टरफाइनल मुकाबले में तमिलनाडु की टीम ने हिमाचल प्रदेश को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की थी। बता दें कि तमिलनाडु और बड़ौदा के बीच 29 जनवरी को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल मैच में जो टीम जीतेगी वो सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश करेगी।
राजस्थान ने चौथे क्वार्टरफाइनल में बिहार को 16 रन से हराया
उधर, राजस्थान ने चौथे क्वार्टरफाइनल में बिहार को 16 रन से हराकर सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब सेमीफाइनल में राजस्थान का मुकाबला पंजाब से होगा, जिसने पहले क्वार्टरफाइनल में कर्नाटक को नौ विकेट से हराया था।