बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच ढाका में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है। स्टंप्स तक बांग्लादेश ने चार विकेट के नुकसान पर 105 रन बना लिए हैं। दिन का खेल खत्म होने तक मुशफीकुर रहीम (27) और मोहम्मद मिथुन (6) रन बनाकर नाबाद थे। वेस्टइंडीज ने अपनी पहली पारी में 409 रन बनाए। इस तरह विंडीज से बांग्लादेश अभी भी 304 रन पीछे है। वेस्टइंडीज की तरफ से विकेटकीपर जोशुआ डा सिल्वा (92), एंक्रुमाह बोनर (90) और अलजारी जोसेफ (82) ने शानदार पारी खेली। दूसरे दिन वेस्टइंडीज ने आखिरी चार विकेट 25 रन के अंदर गंवा दिए। बांग्लादेश के लिए अबू जायेद और इस्लाम ने चार-चार विकेट लिए जबकि हसन और सौम्य सरकार ने एक-एक विकेट लिए।