बांग्लादेश पर 5 मैचों में एक भी जीत नहीं हासिल करने वाली पाकिस्तान टीम ने दौरे के अंतिम मैच में सधी शुरुआत की है।
मीरपुर के शेरे बंगाल स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही थी लेकिन अजहर अली और अनुभवी बल्लेबाजी युनूस खान के शानदार शतकों की बदौलत दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने 3 विकेट पर 323 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया।
पहले दिन के खेल के बाद अजहर अली 127 और कप्तान मिस्बाह-उल-हक 9 रन बनाकर खेल रहे थे। इससे पहले युनूस खान 148 रन बनाकर आउट हो गए।
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया और चौथे ओवर में ही पिछले मैच में दोहरा शतक लगाने वाले मोहम्मद हफीज (8) को कैच आउट कराकर पाक को तगड़ा झटका दिया। इसके बाद बांग्ला टीम ने समी असलम को 19 रन के निजी स्कोर पर आउट कर पवेलियन भेज दिया। मोहम्मद शाहिद ने 2 विकेट झटके।
दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में बांग्लादेश ने शानदार खेल दिखाते हुए पाक को ड्रॉ पर रोक दिया था। टेस्ट क्रिकेट में पहली बार ऐसा हुआ जब पाक बांग्ला टीम को हरा नहीं पाया। इससे पहले पाक को बांग्लादेश ने लगातार 3 वनडे मैच के बाद एक ट्वंटी-20 में हराया। इस तरह से पहली बार लगातार 5 मैचों में पाक बांग्लादेश से एक भी मैच नहीं जीत सका है।