बांग्लादेश टीम ने भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। दोनों देशों के बीच 19 सितंबर से चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम पर पहला टेस्ट खेला जाएगा। बांग्लादेश की टीम ने सोमवार को पहले अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया और नेट्स पर जमकर पसीना बहाया। नजमुल हुसैन शांतो की अगुआई वाली टीम रविवार को चेन्नई पहुंची थी।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी करते दिख रहे हैं। इस दौरान बल्लेबाजों ने थ्रोडाउन विशेषज्ञों का सामना किया और इनका ध्यान भारतीय टीम की स्पिन चुनौती से निपटने पर केंद्रित रहा। मालूम हो कि चेन्नई में आमतौर पर स्पिनरों के मदद वाली पिचें तैयारी की जाती है।
अच्छी फॉर्म में चल रही बांग्लादेश
बांग्लादेश की टीम फिलहाल अच्छी फॉर्म में चल रही है और भारत दौरे पर बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ आई है। बांग्लादेश ने हाल ही में पाकिस्तान से टेस्ट सीरीज 2-0 से जीती थी। यह उनकी पाकिस्तान की जमीन पर पहली टेस्ट सीरीज जीत थी। बांग्लादेश ने पाकिस्तान को पहले टेस्ट मैच में 10 विकेट से हराया था, जबकि दूसरे टेस्ट मैच में छह विकेट से जीत दर्ज की थी।
शांतो के अनुसार अतिरिक्त आत्मविश्वास के साथ आई टीम
बांग्लादेश के कप्तान शांतो भारत की मजबूती से पूरी तरह अवगत हैं, लेकिन उनका मानना है कि टीम इस सीरीज में अतिरिक्त आत्मविश्वास के साथ आई है। शांतो ने सीरीज के दोनों मैच जीतने का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा, यह हमारे लिए चुनौतीपूर्ण सीरीज है, लेकिन पाकिस्तान में अच्छी सीरीज के बाद हमारी टीम और देश में अतिरिक्त आत्मविश्वास जागा है। हर सीरीज अवसर होता है और हम दोनों मैच जीतने के लिए ही खेलने उतरेंगे। प्रक्रिया महत्वपूर्ण है और हमें अपना काम बखूबी करने की जरूरत है।