बांग्लादेश के तेज गेंदबाज नाहिद राणा पर उनकी हरकत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। आयरलैंड के खिलाफ जारी पहले टेस्ट के दौरान नाहिद ने कैड कार्माइकल की तरफ गेंद फेंकी थी, जो उनके पैड पर लगी थी। खेल की वैश्विक संस्था ने उनकी इस हरकत को आईसीसी की आचार संहिता के लेवल-वन का उल्लंघन माना और उन पर जुर्माना लगाया।
नाहिद के खाते में जुड़ा एक डिमेरिट अंक
आईसीसी ने बयान जारी कर कहा, नाहिद को खिलाड़ियों और उनके सहयोगी कार्मिकों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 के उल्लंघन का दोषी पाया है। यह अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी पर या उसके पास अनुचित और/या खतरनाक तरीके से गेंद (या क्रिकेट उपकरण का कोई अन्य सामान) फेंकने से संबंधित है। इस मामले में आईसीसी ने उन पर जुर्माना लगाया है। इसके अलावा नाहिद के खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा है। 24 महीनों में यह उनका पहला अपराध है।
नाहिद ने स्वीकार की गलती
यह घटना बांग्लादेश और आयरलैंड के बीच जारी पहले टेस्ट मैच की है। सिलहट में जारी मुकाबले के पहले दिन तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने आयरलैंड की पारी के 27वें ओर में बल्लेबाज कैड कार्माइकल की तरफ जोर से गेंद फेंकी, जो उनके पैड पर जा लगी। इस पर मैदानी अंपायर सैम नोगाज्स्की और अहसान रजा, तीसरे अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और चौथे अंपायर तनवीर अहमद ने आरोप तय किए। आईसीसी ने बताया कि किसी आधिकारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। नाहिद ने आईसीसी के एलीट पैनल के मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित दंड स्वीकार कर लिया।