बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) देश के घरेलू लीग बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) में पिछले कुछ सप्ताह में लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर गंभीर है और वह इसी जांच स्वतंत्र समिति से कराएगा। बीसीबी ने अपनी भ्रष्टाचार निरोधक इकाई (एसीयू) की सहायता के लिए एक स्वतंत्र जांच निकाय की स्थापना की है जो इस मामले में मदद करेगा। यह 2013 के बाद से बीपीएल में पहली आधिकारिक भ्रष्टाचार जांच है क्योंकि लीग खिलाड़ियों के भुगतान में देरी और टिकट विवादों से जूझ रही है।
बीसीबी ने कहा, अपने निरंतर प्रयासों के तहत बीसीबी अपनी जांच में एसीयू को और अधिक सहायता देने के लिए एक स्वतंत्र जांच निकाय की स्थापना करने की प्रक्रिया में है। बीसीबी एक निष्पक्ष और पारदर्शी क्रिकेट वातावरण सुनिश्चित करने के लिए समर्पित है और बांग्लादेश में खेल की अखंडता की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाना जारी रखेगा।
10 खिलाड़ी और चार फ्रेंचाइजी पर निगरानी
हाल की मीडिया रिपोर्टों में भ्रष्टाचार के मामलों का आरोप लगाया गया है जिसमें विशिष्ट खिलाड़ियों और मुकाबलों का नाम लिया गया है। हालांकि इन दावों की पुष्टि अभी तक बीसीबी की एसीयू द्वारा नहीं की गई है। 10 खिलाड़ी इस मामले में निगरानी पर है, जबकि चार फ्रेंचाइजी पर भी निगरानी रखी जा रही है। इन 10 खिलाड़ियों में से छह बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम के लिए खेलते हैं, जबकि दो बांग्लादेश के अनकैप्ड खिलाड़ी हैं और दो विदेशी खिलाड़ी हैं।