भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने मीरपुर स्थित अपनी अकादमी के लिए बल्लेबाजी सलाहकार नियुक्त किया है। बीसीबी ने उनके साथ एक वर्ष का अनुबंध किया है। शुरुआत में वह अंडर-16 और अंडर-19 आयुवर्ग के क्रिकेटरों को टिप्स देंगे। उसके बाद उन्हें भारत के एनसीए की तर्ज पर हाई परफोर्मेंस यूनिट का दायित्व सौंपा जा सकता है।
बीसीबी के एक सीनियर अधिकारी ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की। बीसीबी खेल विकास प्रबंधक कैसर अहमद से कहा, 'जाफर को मीरपुर में बीसीबी अकादमी में बल्लेबाजी सलाहकार के तौर पर मई से अप्रैल 2020 तक एक साल के अनुबंध के लिये रखा गया है। पहले वह अकादमी में अंडर-16 और अंडर-19 आयु वर्गों की टीमों को कोचिंग देंगे। इसके बाद उन्हें बीसीबी हाई परफोरमेन्स यूनिट में बल्लेबाजी सलाहकार के तौर पर नियुक्त किया जा सकता है।'
जानकारी के मुताबिक 41 वर्षीय जाफर बांग्लादेश के युवा बल्लेबाजों के साथ छह महीने बिताएंगे। जाफर ने भारत की तरफ से 31 टेस्ट मैचों में 1944 रन बनाए। वह दो एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी खेले थे। वसीम जाफर प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 18 हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं। वो रणजी ट्रॉफी सर्वाधिक मैच खेलने वाले बल्लेबाज हैं।