बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन की चोट को लेकर पहले टेस्ट मैच के दौरान काफी बातें हुई थी जिसके बाद इस बात पर सवालिया निशान लग गया था कि वह कानपुर टेस्ट के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं। बांग्लादेश के मुख्य कोच चंडिका हथुरुसिंघे ने दूसरे टेस्ट से पहले स्पष्ट किया है कि शाकिब इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए टीम का हिस्सा होंगे।
शाकिब की फिटनेस पर उठे थे सवाल
शाकिब का चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट मैच में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और वह एक भी विकेट नहीं ले सके थे। दूसरी ओर, बल्लेबाजी में भी वह कुछ खास नहीं कर सके थे और उन्होंने 32 और 25 रन की पारी खेली थी। इस दौरान शाकिब के फिटनेस को लेकर भी काफी चर्चा हुई थी। शाकिब को पिछले साल वनडे विश्व कप के दौरान श्रीलंका के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए अंगुली में चोट लगी थी और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल ने अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन को चोटिल होने के बावजूद भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए प्लेइंग-11 में जगह देने पर सवाल खड़े किए थे।
हथुरुसिंघे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, 'शाकिब को लेकर कोई शंका नहीं है। फिलहाल मैंने अपने फिजियो या किसी से भी बात नहीं की है, लेकिन फिर भी वह चयन के लिए उपलब्ध हैं।' कोच ने दूसरी पारी में भारतीय आक्रमण के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने के लिए शाकिब की प्रशंसा की जिसमें उन्होंने 56 गेंद में 25 रन बनाए। हालांकि, उनका मानना है कि शाकिब को अपने खेल में सुधार की जरूरत है।
हथुरुसिंघे ने कहा, यह सिर्फ शाकिब के प्रदर्शन की बात नहीं है, मैं सभी के प्रदर्शन से निराश हूं। हम चेन्नई में बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे। मुझे यकीन है कि शाकिब को पता होगा कि उन्हें बेहतर करने की जरूरत है। उन्होंने दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन वह बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सके। ऐसा नहीं है कि उन्होंने कोशिश नहीं की, विपक्षी टीम का गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत है।
टेस्ट में 250 विकेट पूरा करने के करीब शाकिब
शाकिब ने भारत के खिलाफ टेस्ट मैच से पहले काउंटी चैंपियनशिप में सरे के लिए खेलते हुए समरसेट के खिलाफ पांच विकेट झटके थे। शाकिब टेस्ट क्रिकेट में 250 विकेट पूरा करने से आठ विकेट दूर हैं। भारत ने बांग्लादेश को पहले टेस्ट मैच में 280 रनों से हराया था। बांग्लादेश की नजरें अब 27 सितंबर से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट में वापसी करने पर टिकी होगी।