वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को सुपरओवर में हराया
- फोटो : @BCBtigers
बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला मंगलवार को मीरपुर में रोमांचक अंदाज में खेला गया। इस मुकाबले का नतीजा सुपरओवर में निकला। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 50 ओवर में सात विकेट पर 213 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज ने भी निर्धारित ओवरों में नौ विकेट पर 213 रन बनाकर मुकाबले को टाई करा दिया। सुपरओवर में वेस्टइंडीज ने एक विकेट पर 10 रन बनाए और बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 11 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में मेजबान टीम नौ रन ही बना सकी और एक विकेट गंवाने के साथ मैच हार गई।
पहली बार बांग्लादेश का कोई मैच टाई रहा
इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। अब सीरीज का निर्णायक और आखिरी मुकाबला 23 अक्तूबर को खेला जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि बांग्लादेश के क्रिकेट इतिहास में यह पहली बार हुआ जब उनका कोई वनडे मुकाबला टाई रहा। वहीं, वेस्टइंडीज ने इस मैच में अनोखा रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने पूरे 50 ओवर सिर्फ स्पिन गेंदबाजों से कराए।