फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News Updates: पूर्व केंद्रीय मंत्री योगेन्द्र मकवाना का निधन; DGP बोले- तेलंगाना में 65 माओवादी अब भी भूमिगत

Tue, 21 Oct 2025 08:37 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता योगेन्द्र मकवाना का 92 वर्ष की आयु में अहमदाबाद में निधन हो गया। पार्टी प्रवक्ता हिरेन बैंकर ने बताया कि मकवाना लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। उन्होंने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के मंत्रिमंडल में 1980 से 1988 तक कार्य किया था। वे 1973 से 1989 तक राज्यसभा सदस्य और कांग्रेस संसदीय दल में उप मुख्य सचेतक भी रहे।

विज्ञापन


मिजोरम में चार दिन की हड़ताल करेंगे ट्रक चालक
मिजोरम के कोलासिब जिले में ट्रक चालकों और अन्य वाणिज्यिक वाहन संचालकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-306 की जर्जर स्थिति के विरोध में 23 से 26 अक्तूबर तक चार दिन की हड़ताल घोषित की है। यह हड़ताल मिजोरम टिपर एसोसिएशन (MTA) की कोलासिब इकाई और संयुक्त कार्रवाई समिति (JAC) के नेतृत्व में होगी। MTA के महासचिव वानलल्लुंगतियाविया ने बताया कि सैरांग-वैरेनगते और कोलासिब-बैराबी मार्ग की हालत जुलाई-अगस्त में मरम्मत के बाद फिर से खराब हो गई है, जिससे हादसों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनएचआईडीसीएल की मरम्मत कार्य धीमी गति से चल रही है। संगठन ने मरम्मत कार्य में तेजी लाने की मांग की है। हड़ताल के दौरान आपातकालीन सेवाओं के वाहन मुक्त रहेंगे। इस आंदोलन को कोलासिब जिले के लगभग 30 स्थानीय वाहन संगठनों का समर्थन मिला है। मरम्मत कार्य के कारण एलपीजी और तेल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।

पश्चिम बंगाल में CM ममता बनर्जी ने काली पूजा की
दीपावली के मौके पर देश के कई हिस्सों में आदिशक्ति भगवती दुर्गा के काली स्वरूप की उपासना होती है। पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा समेत कई राज्यों में काली पूजा का आयोजन किया गया। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने काली पूजा के अवसर पर आयोजित अनुष्ठान में शिरकत की। सीएम ममता ने कोलकाता में कालीघाट स्थित अपने आवास पर काली पूजा करने के साथ-साथ दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, 'हे मां, प्रकाश की देवी, अंधकार को मिटाओ और शांति का मार्ग प्रशस्त करो।' मुख्यमंत्री ने स्वरचित गीत भी साझा किया। इस संगीतबद्ध रचना को प्रसिद्ध बंगाली गायिका श्रीराधा बंदोपाध्याय ने स्वर दिया है। सीएम ममता को 'भोग' (देवी को अर्पित किया जाने वाला पारंपरिक भोजन) पकाते भी देखा गया।
विज्ञापन

बंगाल में काली पूजा पर अवैध आतिशबाजी, उपद्रव के आरोप में 45 गिरफ्तार
कोलकाता पुलिस ने सोमवार को काली पूजा की शाम अवैध आतिशबाजी करने और उपद्रव करने के आरोप में 45 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सोमवार देर रात बताया, दिवाली की शाम 8 बजे तक 29 लोगों को उपद्रव के आरोप में गिरफ्तार किया गया। कोलकाता पुलिस ने महानगर के विभिन्न हिस्सों से अनुमत सीमा से अधिक पटाखे फोड़ने के आरोप में 16 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया।
बता दें कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मकसद से शहर की पुलिस ने अवैध आतिशबाजी पर नजर रखने के लिए बड़ी संख्या में कर्मियों को तैनात किया है। अदालतों द्वारा निर्धारित मानदंडों का पालन कराने पर जोर दिया जा रहा है।

असम के मुख्यमंत्री बोले- 18 अवैध विदेशी वापस भेजे गए
अवैध तरीके से भारत में आने के आरोपी लोगों पर नकेल कसते हुए असम के श्रीभूमि जिले में कार्रवाई की गई। सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि 11 अवैध विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर वापस भेज दिया गया। एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में उन्होंने क्रिकेटर विराट कोहली का जिक्र करते हुए लिखा, कोहली के प्रतिष्ठित स्ट्रेट ड्राइव की तरह, हम घुसपैठियों को सीधे उनके क्षेत्र में वापस भेज रहे हैं। आज सुबह श्रीभूमि से 18 ऐसे ही लोगों को वापस भेज दिया गया। बता दें कि असम के श्रीभूमि, कछार, धुबरी और दक्षिण सलमारा-मनकाचर जिले बांग्लादेश के साथ 267.5 किमी लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करते हैं। गौरतलब है कि पूर्वोत्तर में भारत-बांग्लादेश सीमा पर कुल तीन एकीकृत चेक पोस्ट (आईसीपी) हैं। असम के अलावा दो अन्य मेघालय के दावकी और त्रिपुरा के अखौरा में हैं।

सिक्किम के राज्यपाल ने भारतीय सेना के जवानों के साथ दिवाली मनाई
दीपावली के मौके पर सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर भारतीय सेना के जवानों के बीच पहुंचे। 13,400 फुट ऊंचे डोका ला दर्रे पर सेना के जवानों के साथ दिवाली मनाने पहुंचे राज्यपाल ने सैनिकों को युवाओं के लिए प्रेरणा बताया। माथुर ने कहा, कठिन परिस्थितियों में अग्रिम मोर्चे पर तैनात सशस्त्र बलों की अटूट भावना, दृढ़ प्रतिबद्धता और उल्लेखनीय साहस सराहनीय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सदैव उन सैनिकों का ऋणी रहेगा जो अद्वितीय वीरता और समर्पण के साथ मातृभूमि की सेवा करते हैं। बता दें कि डोका ला भारत, चीन और भूटान के बीच का एक बिंदु है। राज्यपाल का यहां जाना इसलिए भी खास बन गया क्योंकि डोका ला दर्रे पर ही 2017 में भारत और चीन के बीच गतिरोध पैदा हो गया था। माथुर ने अधिकारियों और जवानों के बीच मिठाइयां बांटने के बाद कहा, रणभूमि दर्शन युद्धक्षेत्र पर्यटन कार्यक्रम में डोका ला, नाथू ला और चो ला को शामिल करने से न केवल सिक्किम की पर्यटन क्षमता को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं में राष्ट्रवाद और गौरव की भावना पैदा करने का एक मंच भी मिलेगा।

गुजरात के बारिश प्रभावित किसानों को आर्थिक मदद मिलेगी, 947 करोड़ रुपये के राहत पैकेज का एलान
अगस्त और सितंबर में भारी बारिश के कारण गुजरात के पांच जिलों में किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। राज्य सरकार ने किसानों की मदद के लिए सोमवार को 947 करोड़ रुपये के राहत पैकेज का एलान किया। कृषि मंत्री जीतू वघानी ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान राहत पैकेज को मंजूरी दी गई। 563 करोड़ रुपये की सहायता राज्य आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) के प्रावधानों के अनुसार दी जाएगी। नुकसान के आकलन के बाद बजट से 384 करोड़ रुपये जोड़े गए हैं, जिससे कुल 947 करोड़ रुपये के पैकेज से किसानों की मदद की जाएगी। यह राशि जूनागढ़, पंचमहल, कच्छ, पाटन और वाव-थराद जिलों के 18 तालुकों के 800 गांवों के प्रभावित किसानों के बीच बांटी जाएगी।

मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदूहामा ने कहा है कि राज्य सरकार मामित जिले के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है और डांपा विधानसभा क्षेत्र में जल संकट दूर करने के लिए 700 करोड़ रुपये से अधिक आवंटित किए गए हैं। जेडपीएम की डांपा ईस्ट ब्लॉक चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए सोमवार को उन्होंने बताया कि सरकार ने कई कृषि भूमि को जोड़ने के लिए लिंक रोड बनाए हैं और झाड़ू व अन्य उत्पादों के लिए आठ गोदाम स्थापित किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रबर मिशन के तहत 33.94 करोड़ रुपये की परियोजना तीन चरणों में लागू की जा रही है, जिससे रबर की खेती का विस्तार होगा। उन्होंने बताया कि 14 गांवों को जल कनेक्शन दिए गए हैं और एक इन्क्यूबेशन सेंटर भी स्थापित किया जाएगा, जिसके पहले चरण के लिए 35 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। डांपा उपचुनाव 11 नवंबर को होगा और मतगणना 14 नवंबर को। यह उपचुनाव एमएनएफ विधायक लालरिनतलुआंगा साइलो के निधन के कारण हो रहा है।

केरल में दिवाली समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों पर हमला; पांच गिरफ्तार
अलप्पुझा पुलिस ने मंगलवार को बताया कि दिवाली समारोह के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यहां एक मंदिर में तैनात दो पुलिस अधिकारियों पर कथित तौर पर हमला करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत लोक सेवकों को उनके कर्तव्य पालन से रोकने के लिए हिंसा का इस्तेमाल करने का मामला दर्ज किया गया है।

कुथियाथोडे पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार रात करीब 10 बजे हुई जब दोनों पुलिस अधिकारियों ने कथित तौर पर नशे में धुत कुछ युवकों को मंदिर में उत्पात मचाने से रोकने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि युवकों ने पुलिस अधिकारियों के साथ मारपीट की। अधिकारी ने बताया कि बाद में और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।उन्होंने बताया कि मारपीट के शिकार अधिकारियों को मामूली चोटें आईं और अब वे ठीक हैं।

डीके शिवकुमार से मिले राज्यसभा सांसद लहर सिंह सिरोया
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से मुलाकात पर राज्यसभा सांसद लहर सिंह सिरोया ने कहा, 'चर्चा राजनीतिक नहीं थी; यह राज्य के विकास के बारे में थी। मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि हम इस बारे में केंद्र सरकार से भी चर्चा करेंगे... उन्हें गारंटी योजनाओं पर पुनर्विचार करना चाहिए क्योंकि इन योजनाओं ने राज्य में विकास की गति को धीमा कर दिया है।'
 

भू-स्खलन खतरे से खाली कराए गांव में अंधेरी दिवाली
महाराष्ट्र के बीड़ जिले के कपिलधरवाड़ी गांव में इस बार दिवाली बिना रोशनी और उत्सव के बीती है। भूगर्भीय दरारों के कारण दो हफ्ते पहले पूरे गांव के 400 लोगों को अस्थायी शिविरों में भेजा गया था। भूगर्भ सर्वेक्षण टीम ने इलाके को खतरनाक घोषित किया था। अब ग्रामीण मंदिर और स्कूल परिसर में रह रहे हैं, जहां पिछले दो सप्ताह से बिजली नहीं है।
 

केरल में कचरा संयंत्र पर प्रदर्शन हिंसक, प्लांट में आग
उत्तरी केरल के थमारसेरी के पास अंबयथोडु गांव में मंगलवार को कचरा उपचार संयंत्र के खिलाफ प्रदर्शन हिंसक हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने संयंत्र में आग लगा दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पोल्ट्री कचरे का प्लांट नदी में गंदगी फेंक रहा था और दुर्गंध फैला रहा था। जब एक ट्रक कचरा लाने पहुंचा तो भीड़ ने पथराव किया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
विज्ञापन

तेलंगाना में 65 माओवादी अब भी भूमिगत
तेलंगाना के डीजीपी बी. शिवधर रेड्डी ने बताया कि राज्य के लगभग 65 माओवादी अब भी भूमिगत हैं, जिनमें से करीब 40 संगठन में नेतृत्व की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने माओवादियों से आत्मसमर्पण की अपील की और आश्वासन दिया कि समर्पण करने वालों को पुलिस की ओर से कोई उत्पीड़न नहीं होगा। रेड्डी ने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी माओवादियों को आत्मसमर्पण करने की खुली अपील की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें