बांग्लादेश ने पांचवें व आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 60 रनों से हराकर पांच मैचों की टी-20 सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। बांग्लादेश ने पांचवें व आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 60 रनों से हराकर पांच मैचों की टी-20 सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। यहां के शेरे बांग्ला स्टेडियम में खेले गए आखिरी मुकाबले में मेजबान बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट के नुकसान पर 122 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम केवल 62 रन पर सिमट गई। दो खिलाड़ियों को छोड़ऑस्ट्रेलिया का कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक का आंकड़ा भी नहीं पार कर सका। बांग्लादेश की तरफ से शाकिब अल हसन ने 9 रन देकर चार जबकि मोहम्मद सैफीउद्दीन ने 12 रन देकर तीन विकेट चटकाए। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शाकिब को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ सीरीज चुना गया।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट इतिहास में एक पारी में यह सबसे छोटा स्कोर
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट के इतिहास में यह सबसे छोटी पारी थी। 15 मार्च 1877 के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट इतिहास में एक पारी में यह सबसे छोटा स्कोर है। वहीं, टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया का पिछला सबसे कम स्कोर 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ 79 था।
बांग्लादेश ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली द्विपक्षीय टी-20 सीरीज जीती
- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली सीरीज जीती
- ऑस्ट्रेलिया को सबसे कम टोटल पर ऑलआउट किया
- पिछले नौ मैच में आठ में दर्ज की जीत
शाकिब ने हासिल की खास उपलब्धि
शाकिब अल हसन टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट पूरे करने वाले पहले स्पिनर बने। उन्होंने 83 पारियों में 20.63 की औसत से 102 विकेट चटकाए हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज में पहले स्थान पर श्रीलंका के लसिथ मलिंगा हैं। उन्होंने 107 विकेट लिए हैं। तीसरे व चौथे स्थान पर क्रमशः न्यूजीलैंड के टिम साउथी (99) और पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (98) हैं।