सार
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम से बाबर आजम को बाहर कर छह नए खिलाड़ियों को मौका दिया है, जिसे बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।टी20 विश्व कप की नाकामी के बाद लिया गया यह फैसला बाबर के अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए अहम मोड़ साबित हो सकता है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बांग्लादेश दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है, लेकिन इस टीम बाबर आजम को शामिल नहीं किया गया है। इसी महीने ढाका के शेर-ए बंग्ला राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाली इस सीरीज से बाबर को बाहर रखा जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
टी20 विश्व कप की नाकामी का असर?
टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, जहां टीम सुपर-8 चरण से बाहर हो गई। बाबर का बल्ला पूरे टूर्नामेंट में खामोश रहा और उन्हें अंतिम सुपर-8 मुकाबले में भी प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ा था। अब वनडे टीम से भी बाहर किया जाना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि चयनकर्ताओं ने बड़े बदलाव का फैसला कर लिया है। बाबर के साथ-साथ सईम अयूब को भी टीम में जगह नहीं मिली है। जबकि वनडे प्रारूप बाबर का सबसे मजबूत प्रारूप माना जाता है। हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने शतक भी लगाया था फिर भी उन्हें ड्रॉप करना चौंकाने वाला निर्णय है।
छह नए चेहरों के साथ बड़ा बदलाव
पीसीबी ने टीम में छह अनकैप्ड खिलाड़ियों को मौका दिया है। इनमें साहिबजादा फरहान, अब्दुल समद, माज सदाकत, मुहम्मद गाजी घोरी, साद मसूद और शमील हुसैन शामिल हैं। ये सभी हाल ही में पाकिस्तान शाहीन्स की ओर से इंग्लैंड लायंस के खिलाफ अबू धाबी में खेले थे। मुहम्मद गाजी घोरी को विकेटकीपर के रूप में शामिल किया गया है, जो मोहम्मद रिजवान के साथ दूसरा विकल्प होंगे। रिजवान टीम के प्रमुख विकेटकीपर बने हुए हैं।
शाहीन अफरीदी
- फोटो : ANI
कप्तानी फिर शाहीन के हाथ
तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को एक बार फिर टीम की कमान सौंपी गई है। टीम में हारिस रऊफ और हुसैन तलत की वापसी हुई है, जबकि अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फैसल अकरम, मोहम्मद वसीम जूनियर और सलमान अली आगा जैसे खिलाड़ी बरकरार हैं।
ये भी पढ़ें: टी20 विश्वकप में फ्लॉप शो के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल!: इस्तीफों का सिलसिला शुरू? अलीम डार ने छोड़ा साथ
क्या यह बाबर के करियर का टर्निंग प्वॉइन्ट?
एक समय ऐसा था जब बाबर आजम का नाम तीनों प्रारूपों में टीम शीट पर सबसे ऊपर लिखा जाता था। लेकिन बदलते क्रिकेट और आक्रामक बल्लेबाजी की मांग के बीच बाबर की धीमी स्ट्राइक रेट और बड़े मैचों में नाकामी उन पर भारी पड़ती दिख रही है। वनडे में 46 से अधिक का औसत रखने वाले बल्लेबाज को बाहर करना बताता है कि चयनकर्ता अब सिर्फ आंकड़ों से आगे सोच रहे हैं। अगर बाबर घरेलू क्रिकेट या आगामी सीरीज में दमदार वापसी नहीं करते, तो उनका अंतरराष्ट्रीय करियर सचमुच एक कठिन मोड़ पर आ सकता है।
बांग्लादेश दौरे के लिए पाकिस्तान की टीम
शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फैसल अकरम, हारिस रऊफ, हुसैन तलत, माज सदाकत, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), मोहम्मद वसीम जूनियर, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), साद मसूद, साहिबजादा फरहान, सलमान अली आगा और शमील हुसैन।