दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में विराट कोहली भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होंगे। उन्होंने आगामी सीरीज से पहले बीसीसीआई को बताया है कि वो अपने परिवार के साथ समय व्यतीत करना चाहते हैं। इसलिए वो वनडे सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होंगे। इसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि टीम इंडिया में सब कुछ ठीक नहीं है। रोहित और कोहली एक दूसरे की कप्तानी में नहीं खेलना चाहते हैं। रोहित भी चोट के चलते टेस्ट टीम से बाहर हो चुके हैं।
विराट कोहली के आराम मांगने पर पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कहा है कि उनके ब्रेक लेने से समस्या नहीं है, लेकिन उन्हें समय का ध्यान रखना चाहिए।
विराट ने बीसीसीआई को क्या बताया
विराट ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड से कहा है कि जनवरी के महीने में वो अपने परिवार के साथ समय व्यतीत करना चाहते हैं। इसलिए उन्हें कुछ समय के लिए ब्रेक की जरूरत है। विराट की बेटी वामिका 11 जनवरी को एक साल की हो रही है। ऐसे में विराट अपनी बेटी का पहला जन्मदिन अच्छे से मनाना चाहेंगे। शायद इसी वजह से उन्होंने बीसीसीआई से छुट्टी मांगी है।
अजहरुद्दीन ने ट्वीट किया "विराट ने जानकारी दी है कि वो वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं और रोहित टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं। ब्रेक लेने में कोई समस्या नहीं है, लेकिन समय का ध्यान रखना होगा। यह टीम में दरार की अफवाहों की पुष्टि करता है। किसी को भी दूसरे फॉर्मेट में खेलना नहीं छोड़ना चाहिए।"
एक दूसरे की कप्तानी में नहीं खेलेंगे रोहित-विराट
विराट कोहली और रोहित शर्मा अफ्रीका दौरे में एक दूसरे की कप्तानी में नहीं खेलेंगे। इस दौरे में भारत को पहले तीन टेस्ट मैच खेलने हैं, जिनमें विराट कोहली कप्तान हैं। रोहित मांसपेशियों में खिंचाव के चलते टेस्ट सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह प्रियंक पांचाल को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। वहीं इसके बाद तीन वनडे मैचों की सीरीज होगी और विराट ने इसी समय बीसीसीआई से ब्रेक मांगा है। ऐसे में विराट वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे, जिसमें रोहित भारत के कप्तान हैं।