देवधर ट्रॉफी में इंडिया सी की टीम का शानदार सफर शनिवार को भी जारी रहा। शुभमन गिल की अगुवाई में टीम ने एकतरफा मुकाबले में इंडिया बी टीम को 136 रनों से हरा दिया।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया सी ने 50 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 280 रन बनाए। इस दौरान विराट सिंह ने नाबाद 76 रन और अक्षर पटेल ने मात्र 61 गेंदों में 98 रनों की पारी खेली। दोनों ने मिलकर छठे विकेट के लिए 154 रनों की जबरदस्त साझेदारी भी निभाई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया बी की टीम की तरफ से कोई भी बड़ी साझेदारी नहीं हुई और पूरी टीम 43।4 ओवर में ही 144 रन पर ढेर हो गई। टीम की तरफ से बाबा अपराजित ने सर्वाधिक 53 बनाए। वहीं इंडिया सी की तरफ से मयंक मार्कंडेय ने 25 रन देकर चार विकेट झटके, वहीं जलज और इशान पोरेल ने दो-दो विकेट निकाले।
अब चार नवंबर (सोमवार) को एक बार फिर से पार्थिव पटेल की इंडिया बी और शुभमन गिल की कप्तानी वाली इंडिया सी, दोनों टीमें आमने-सामने होंगी और फाइनल में खिताब के लिए भिड़ेंगी।