आईपीएल के दौरान चोटिल होने वाले रोहित शर्मा ने गुरुवार को यहां राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में अपनी फिटनेस ट्रेनिंग शुरू की। रोहित ऑस्ट्रेलियाई दौरे के लिए भारत की सीमित ओवर की टीम का हिस्सा नहीं हैं और चयनकर्ताओं ने मुंबई इंडियंस के लिए फाइनल के अलावा दो इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में खेलने के बाद उन्हें संशोधित टेस्ट टीम में शामिल किया था।
रोहित ने हालांकि कहा कि वह बिलकुल ठीक हैं लेकिन बीसीसीआई को लगा कि उन्हें आईपीएल के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग चोट से उबरने के लिए और समय की जरूरत है, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर बहस शुरू हो गयी। मुंबई की टीम ने फाइनल में शानदार जीत हासिल की जिसमें रोहित ने 68 रन की तेज तर्रार पारी खेली। रोहित की फिटनेस काफी अहम बन गई है क्योंकि नियमित कप्तान विराट कोहली जनवरी में पिता बनने वाले हैं और ऑस्ट्रेलिया में पहले टेस्ट के बाद उपलब्ध नहीं होंगे।
बुधवार को सीनियर तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने मुख्य चयनकर्ता सुनील जोशी और एनसीए प्रमुख राहुल द्रविड़ की देखरेख में गेंदबाजी की। वह चोट लगने के बाद एनसीए में रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया में हैं। ईशांत और रोहित एक साथ ही ऑस्ट्रेलिया रवाना होंगे और टीम से जुड़ने से पहले 14 दिन के पृथकवास में रहेंगे।
कप्तान विराट कोहली ने ट्विटर पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह अनुभवी मोहम्मद शमी और युवा मोहम्मद सिराज की गेंदबाजी पर अभ्यास कर रहे है। उन्होंने इस वीडियो के साथ लिखा, 'मुझे टेस्ट क्रिकेट (अभ्यास) सत्र पसंद है।' वीडियो में खिलाड़ियों को नेट की जगह मैदान के बीच बनी पिच पर टेस्ट मैच की तरह क्षेत्ररक्षण और दूसरे छोर पर बल्लेबाज के साथ बल्लेबाजी अभ्यास करते देखा गया। इस अभ्यास सत्र में एकदिवसीय, टी-20 और टेस्ट टीम में शामिल सभी शीर्ष बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने हिस्सा लिया।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी एक वीडियो ट्वीट किया जिसमें शमी और सिराज अलग-अलग बल्लेबाजों को गेंदबाजी करते दिख रहे है। बीसीसीआई ने इस वीडियो के साथ लिखा, 'गुरु और उनका शिष्य। जब मोहम्मद शमी और सिराज ने भारतीय टीम के नेट्स (अभ्यास) पर एक साथ गेंदबाजी की। तेज और सटीक।' इससे पहले सोमवार को ऑस्ट्रेलिया की उछाल भरी पिचों का अभ्यस्त होने के लिए खिलाड़ियों को टेनिस गेंद से अभ्यास करते देखा गया था। सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल भी गुलाबी गेंद का सामना कर रहे थे जिससे यह संकेत मिलता है कि पहले टेस्ट के लिए अंतिम 11 में उनकी दावेदारी होगी।