शिखर धवन-केएल राहुल के रूप में भारत के पास मजबूत सलामी जोड़ी है। जन्मदिन के अगले दिन बड़ा स्कोर खड़ा कर धवन देशवासियों को रिटर्न गिफ्ट देना चाहेंगे। पहले टी-20 में केएल राहुल ने अर्धशतक जमाया था, लेकिन रनगति बढ़ाने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे थे। तीसरे क्रम पर भारत के पास विराट कोहली जैसा मजबूत बल्लेबाज है। पहले टी-20 में मनीष पांडेय को आजमाया गया था। पूरी वन-डे सीरीज बाहर बैठने वाला यह प्रतिभावान खिलाड़ी जल्दी आउट हो गया था, उनके स्थान पर अगर श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी हुई तो हैरानी नहीं होनी चाहिए। अच्छी लय में चल रहे हार्दिक पांड्या से फिर आतिशी पारी की उम्मीद होगी। पिछले मैच के हीरो रवींद्र जडेजा हैम्सट्रिंग की वजह से पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं। बावजूद इसके वाशिंगटन सुंदर के रूप में स्क्वॉड में स्पिन ऑलराउंड विकल्प मौजूद हैं। सुंदर ने पिछले मैच में काफी किफायती गेंदबाजी की थी। बतौर कनकशन सबस्टीट्यूट टीम को पहला टी-20 दिलाने वाले युजवेंद्र चहल की वापसी तय है। जडेजा की जगह स्क्वॉड में शामिल किए गए शार्दुल ठाकुर गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी कमाल दिखा सकते हैं। आखिरी वन-डे में उन्होंने सर्वाधिक विकेट चटकाए थे। ऐसे में पिछले मैच में महंगे साबित हुए मोहम्मद शमी को आराम भी दिया जा सकता है। डेब्यू में तीन विकेट लेने वाले टी नटराजन पर सभी की निगाहें होंगी। रविवार से ही अभ्यास मैच भी खेला जाना है, ऐसे में टेस्ट सीरीज के मद्देनजर जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम की बजाय इंडिया 'ए' का हिस्सा हो सकते हैं।
डेविड वार्नर की गैरमौजूदगी में कमजोर नजर आ रही ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी क्रम को डार्सी शॉर्ट ने पहले टी-20 में संभालने का काम किया था। दूसरी छोर पर कप्तान आरोन फिंच भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन वह भी कूल्हे की चोट से परेशान हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से उनकी मौजूदा हालात पर फिलहाल अपडेट का इंतजार है। अगर वह बाहर होते हैं तो एलेक्स कैरी की मध्यक्रम में जगह बन सकती है। पहले टी-20 का हिस्सा रहे पेसर मिचेल स्टार्क पारिवारिक कारणों के चलते पूरी सीरीज से बाहर हो चुके हैं। वन-डे सीरीज में दो शतक ठोकने वाले स्टीव स्मिथ और अच्छी फॉर्म में चल रहे ग्लेन मैक्सेवल का बल्ला सिडनी में चलता है। मोजेज हेनरिक्स के रूप में कंगारुओं के पास एक अनुभवी ऑलराउंडर है। विकेटकीपर मैथ्यू वेड पर निचले क्रम में तेजी से रन बनाने की जिम्मेदरी होगी। नाथन लियोन को चोटिल एश्टन एगर की जगह टी-20 टीम में जगह मिली है। ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि यह अनुभवी स्पिनर एडम जंपा का साथ देंगे और युवा स्पिनर मिचेल स्वैप्सन को बाहर बैठना पड़ सकता है। जोश हेजलवुड, सीन एबॉट की पेस जोड़ी पिछले मैच में प्रभावित नहीं कर पाई थी। अंत में उन्होंने खूब रन लुटाए थे।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, मयंक अग्रवाल, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडेय, हार्दिक पांड्या, संजू सैमसन, शार्दुल ठाकुर, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, नवदीप सैनी, दीपक चाहर, टी नटराजन।
ऑस्ट्रेलिया: आरोन फिंच (कप्तान), सीन एबॉट, नाथन लियोन, एलेक्स कैरी, पैट कमिंस, कैमरोन ग्रीन, जोश हेजलवुड, मोजेस हेनरिक्स, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, डेनियल सैम्स, केन रिचर्डसन, स्टीवन स्मिथ, मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू वेड, डार्सी शॉर्ट, एडम जंपा।