वेबसाइट के मुताबिक सिर्फ भारतीय टीम के खिलाड़ियों ही नहीं बल्कि आईपीएल से लौटे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों को भी अनिवार्य पृथकवास अवधि से गुजरना होगा। कोविड-19 महामारी के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी करने वाले इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही वर्तमान श्रृंखला के लिए टीमों को जैव-सुरक्षित वातावरण में रखा गया है।
हॉकले ने कहा, 'अगर हम ऐसा (जैव सुरक्षित माहौल) करने में असमर्थ हैं तो इससे हमारी साख को नुकसान होगा। एडिलेड ओवल में एक होटल है, यह ओल्ड ट्रैफर्ड या एजियास बाउल की तरह सुविधा प्रदान करता है, होटल स्टेडियम से जुड़ा हुआ है।' एडिलेड ओवल के पूर्वी किनारे पर नवनिर्मित होटल जैव-सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए सबसे अच्छा विकल्प है।
हॉकले ने कहा कि भारतीय उप महाद्वीप में कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे यात्रा प्रतिबंध जारी है। ऐसे में यहां आने वाली टीमों को ऑस्ट्रेलियाई सरकार और आईसीसी द्वारा निर्धारित सभी नियमों का पालन करना होगा। आईसीसी ने टी-20 विश्व कप को स्थगित कर दिया है ऐसे में बीसीसीआई सितंबर-नवंबर के बीच आईपीएल का आयोजन यूएई में कर सकता है।
दूसरी ओर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई पेसर ब्रेट ली का मानना है कि भारतीय टीम के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में पेसर्स अहम भूमिका निभाएंगे, लेकिन यह देखना होगा कि लार के इस्तेमाल के बिना कूकाबुरा गेंद कितनी स्विंग करती है। पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड के रूप में ऑस्ट्रेलिया के पास तेज गेंदबाजों की शानदार तिकड़ी हैं।
कोविड-19 महामारी के कारण लार पर प्रतिबंध के कारण दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक रहे ली चाहते हैं कि आईसीसी 'कृत्रिम पदार्थ' के इस्तेमाल की इजाजत दे ताकि गेंद-बल्ले के बीच संतुलन बनाए रखने में मदद मिले। कूकाबूरा गेंद की सिलाई टेस्ट मैचों में इस्तेमाल होने वाली अन्य गेंदों ड्यूक्स या एसजी की तरह उभरी हुई नहीं होती है। लार पर प्रतिबंध के कारण दोनों टीमों के गेंदबाजों के लिए स्थिति ज्यादा मुश्किल होगी।
इस 43 साल के पूर्व खिलाड़ी को लगता है कि अलग-अलग परिस्थितियों (एडिलेड, ब्रिसबेन, मेलबर्न और सिडनी) में उनका प्रदर्शन इस बात पर निर्भर करेगा कि गेंद कितनी स्विंग करेंगी। ली ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में अगर गेंद पर कोई कृत्रिम पदार्थ की अनुमति दी जाती है तो किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। आपको नई गेंद को चमकदार और पुरानी गेंद को रिवर्स स्विंग कराने के लिए लार की आवश्यकता होती हैं। आमतौर पर (तेज गेंदबाज) पुरानी गेंद की तुलना में नई गेंद पर कम लार का इस्तेमाल करते हैं।