ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न ने सभी टेस्ट मैचों में लाल गेंद की जगह गुलाबी गेंद के इस्तेमाल की पैरवी की है। उन्होंने कहा कि लाल गेंद से गेंदबाज को कोई मदद नहीं मिलती। वॉर्न ने ‘फॉक्स क्रिकेट’ से कहा, ‘मैं पिछले कुछ साल से कहता आ रहा हूं। मेरा मानना है कि सभी टेस्ट मैचों में गुलाबी गेंद इस्तेमाल होनी चाहिए, दिन के मैचों में भी।’ उन्होंने कहा, ‘गुलाबी गेंद को देखने में आसानी होती है। दर्शक भी आसानी से देख सकते हैं। यह टीवी पर भी अच्छी लगती है। इसलिए हमेशा गुलाबी गेंद का इस्तेमाल करना चाहिए।’
वॉर्न ने कहा, ‘साठ ओवरों के बाद इसे बदल सकते हैं क्योंकि यह नरम हो जाती है। मैं चाहूंगा कि हर टेस्ट में गुलाबी गेंद का इस्तेमाल हो।’ उन्होंने कहा, ‘लाल गेंद स्विंग नहीं लेती। इससे कोई मदद नहीं मिलती और 25 ओवरों के बाद यह नरम हो जाती है। इंग्लैंड में ड्यूक गेंद को छोड़कर यह बकवास है।’
गौरतलब है कि गुलाबी गेंद दिन रात के टेस्ट में इस्तेमाल की जाती है। इस वक्त भी भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में गुलाबी गेंद से ही दिन-रात्रि टेस्ट मैच खेला जा रहा है।