भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैच की टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो मैच में कंगारू टीम को हार का सामना करना पड़ा है। इसके साथ ही भारत ने सीरीज में अजेय बढ़त ले ली है। अब ऑस्ट्रेलियाई टीम के पास सीरीज जीतने का मौका नहीं है। हालांकि, बाकी दो मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया सीरीज बराबरी पर खत्म कर सकता है। वहीं, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपना स्थान पक्का करने के लिए कंगारू टीम को हर हाल में एक मैच जीतना होगा।
ऑस्ट्रेलिया की हार के लिए बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा पाया था। हालांकि, दूसरे मैच की पहली पारी में दो खिलाड़ियों ने अर्धशतक जरूर लगाया और टीम को बढ़त भी मिली, लेकिन दूसरी पारी में आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए और यहीं ऑस्ट्रेलियाई टीम मैच हार गई।
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने टीम की हार पर बात करते हुए कहा कि उनकी टीम भारत की परीक्षा में फेल रही है। दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरी पारी में एक विकेट पर 61 रन बनाकर बेहतर स्थिति में थी, लेकिन इसके बाद टीम सिर्फ 113 रन पर सिमट गई। भारत ने इसके बाद चार विकेट पर 115 रन बनाकर लक्ष्य हासिल किया और बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली।
मैकडोनाल्ड ने टीम की हार पर कहा, ‘‘हमारे तरीकों की आलोचना होगी और ऐसा होना भी चाहिए। दूसरे दिन की समाप्ति पर अगर आप कहते कि हमारी तैयारी अच्छी थी (जब ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर 61 रन था) तो संभवत: आपका नजरिया अलग होता लेकिन एक घंटे के भीतर (तीसरे दिन) जो हुआ उसे लेकर लोगों ने आलोचना शुरू कर दी और तीसरे दिन हम भारत की परीक्षा में विफल रहे।’’
एशेज में ऑस्ट्रेलिया की 4-0 की जीत के बाद जस्टिन लैंगर की जगह कोच पद संभालने वाले मैकडोनाल्ड ने कहा ‘‘मुझे लगता है कि टीम ने बेंगलुरू में काफी अच्छी तैयारी की इसलिए इसे लेकर कोई बहाना नहीं है। कुछ लोग ऐसे थे जो स्पष्ट रूप से उस रणनीति से दूर चले गए, जिसने उन्हें समय के साथ सफल बनाया। हमें इससे बेहतर होना है, यही सबसे महत्वपूर्ण बात है, हमें इसे अपनाना होगा।’’
इस सीरीज का तीसरा मैच एक मार्च से इंदौर में खेला जाएगा। इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम कई बदलाव के साथ उतर सकती है। तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क और ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन इस मैच के लिए फिट होंगे और दोनों के इस मैच में खेलने की उम्मीद है।