भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच छह दिसंबर से एडिलेड में पिंक बॉल से दूसरा टेस्ट मैच खेला जाना है। भारतीय टीम इस चुनौती के लिए तैयारियां कर रही है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने इस टेस्ट को अप्रत्याशित करार दिया है। कंगारू टीम को पांच मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में 295 रनों से बड़ी हार का सामना करना पड़ा था और उस पर वापसी करने का दबाव भी होगा।
स्मिथ और मार्नस लाबुशेन जैसे ऑस्ट्रेलिया के दो अनुभवी बल्लेबाजों का प्रदर्शन पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट मैच में अच्छा नहीं रहा था और दोनों ही बल्लेबाज सस्ते में आउट हो गए थे। स्मिथ का कहना है कि दूसरे टेस्ट मैच में उनका ध्यान पिंक बॉल से खेले जाने दूसरे टेस्ट की चुनौतियों से निपटने पर है। भारत ने इस टेस्ट मैच से पहले रविवार को कैनबरा में ऑस्ट्रेलिया प्रधानमंत्री एकादश के खिलाफ अभ्यास मैच खेला था।
पिंक बॉल की चुनौतियों के लिए तैयारी कर रहे हैं स्मिथ
स्मिथ ने कहा, पिंक बॉल से दिन या रात के अलग-अलग समय पर अलग तरह की चुनौती मिलती है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप कहां बल्लेबाजी कर रहे हैं। उस समय परिस्थितियां और गेंद की स्थिति के साथ अन्य चीजें कैसी हैं। मैं ऐसे में पूरी तरह से तैयार रहना चाहता हूं। पिंक बॉल कई बार अप्रत्याशित हरकत करती है। ऐसे में पूरी तरह से एकाग्र रहने पर ध्यान देना होता है।
दूसरे टेस्ट को लेकर क्या बोले कप्तान कमिंस?
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने भी पिंक बॉल से टेस्ट खेलने की चुनौतियों पर बात की, लेकिन उनका मानना है कि खेल की मूल बातें वही रहेंगी। कमिंस ने कहा, मुझे लगता है कि सभी मूल बातें वास्तव में सामान्य टेस्ट की तरह ही होंगी। आप जानते हैं कि कभी-कभी खेल अलग-अलग गति से चलता है क्योंकि गेंद पुरानी और नरम हो जाती है लेकिन यह टेस्ट क्रिकेट है।