भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच कानपुर के ग्रीनपार्क में प्रस्तावित टेस्ट मैच की तैयारी पर ऑस्ट्रेलिया के प्रतिनिधिमंडल ने खुशी जताई है। बर्नार्ड मोरान के नेतृत्व में स्टेडियम, पिच और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने आए ऑस्ट्रेलिया के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने ग्रीन पार्क का निरीक्षण किया और बाद में पुलिस उपमहानिरीक्षक अमिताभ यश के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी जानकारी एकत्र की।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों के संग मैच की तैयारियों का जायजा लेने के बाद मोरान ने कहा कि वह तैयारियों से फिलहाल संतुष्ट हैं। मोरान ने कहा कि वह मैच के लिए जरूरी पिच, ग्राउंड और सुरक्षा संबंधी एक विस्तृत रिपोर्ट अपने बोर्ड क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को देंगे। उन्होंने साथ ही कहा कि यदि आवश्यकता हुई तो वह दोबारा निरीक्षण के लिए आ सकते हैं।
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे वाटसन
श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलियाई आलराउंडर शेन वाटसन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं खुद मानता हूं कि यह मेरे लिए काफी सकारात्मक चीज होगी।