अनुभवी एलिस पैरी के आलराउंड खेल के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने त्रिकोणीय महिला टी-20 क्रिकेट श्रृंखला में रविवार को यहां भारत को कम स्कोर वाले मैच में चार विकेट से हराया। पैरी ने पहले 13 रन देकर चार विकेट लिए और युवा तायला वलामिंक (13 रन देकर तीन) के साथ मिलकर भारतीय टीम को नौ विकेट पर 103 रन पर रोक दिया। पैरी ने इसके बाद बल्लेबाजी के लिये मुश्किल पिच पर 49 रन की पारी खेली जिससे आस्ट्रेलियाई टीम 18.5 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल करने में सफल रही।
टूर्नामेंट के पहले मैच में इंग्लैंड को पांच विकेट से शिकस्त देकर शानदार शुरुआत करने वाली भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर अपने आखिरी सात विकेट 25 रन के अंदर गंवाये। भारत की तरफ से केवल स्मृति मंदाना (35), कप्तान हरमनप्रीत कौर (28) और दसवें नंबर की बल्लेबाज राधा यादव (11) ही दोहरे अंक में पहुंची।
भारतीय गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन उनके सामने बचाव के लिये बड़ा स्कोर नहीं था। ऑस्ट्रेलिया के तीन विकेट 30 पर निकल गए थे जिसमें एशलीग गार्डनर (22) भी शामिल थी। पैरी ने यहीं से जिम्मेदारी संभाली और 47 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके लगाए। टी-20 विश्व कप की तैयारियों के लिये महत्वपूर्ण माने जा रहे इस टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम अपना अगला मैच सात फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी।