वेस्टइंडीज ने विश्व कप 1975 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था और उस टीम में चार तेज गेंदबाज थे। चार साल बाद लॉर्ड्स पर फाइनल में वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को हराकर खिताब बरकरार रखा। उस टीम में एंडी राबटर्स, माइकल होल्डिंग, कोलिन क्रोफ्ट और जोएल गार्नर थे। मौजूदा टीम में उस दर्जे के तेज गेंदबाज नहीं है लेकिन केमार रोच और शेनोन गैब्रियल के बिना पाकिस्तान को सस्ते में समेटकर उसके गेंदबाजों ने साबित कर दिया कि उनमें कितना दम है।
दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया ने पहले मैच में अफगानिस्तान को सात विकेट से हराया लेकिन इस मैच में उनके सामने चुनौती कड़ी होगी। पिछले तीन में से दो टी20 विश्व कप जीत चुकी वेस्टइंडीज टीम के लिए थॉमस ने अभ्यास मैच में डेविड वॉर्नर को सस्ते में आउट किया था।
वेस्टइंडीज की एक कमजोरी यह है कि बाउंसर जैसे हथियार को वे बार-बार इस्तेमाल करते हैं। दूसरी ओर एक साल के प्रतिबंध के बाद लौटे वॉर्नर और स्टीव स्मिथ शार्ट गेंदों को झेलने में माहिर हैं। वेस्टइंडीज के पास क्रिस गेल जैसा शानदार बल्लेबाज है जो अपने दम पर मैच जिताने का माद्दा रखता है।
आमने-सामने
कुल मैच : 149
ऑस्ट्रेलिया जीता : 73
वेस्टइंडीज : 60
टाई : 03
बेनतीजा : 03
विश्व कप में दोनों
कुल मैच : 09
ऑस्ट्रेलिया जीता : 05
वेस्टइंडीज जीता : 04