ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में बल्ले से दमदार प्रदर्शन किया जिसकी मदद से कंगारूओं ने दो विकेट से जीत दर्ज की। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 172 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने एक गेंद शेष रहते आठ विकेट पर 173 रन बनाकर मैच तथा सीरीज अपने नाम कर ली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया को कप्तान मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी की जिसे एडेन मार्करम ने हेड को आउट कर तोड़ा जो 19 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जोश इंग्लिस खाता खोले बिना आउट हुए और मार्श भी अर्धशतक लगाकर 37 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए।
मैक्सवेल के तूफान को नहीं रोक सका दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका ने इसके बाद वापसी की और कैमरन ग्रीन (9) और टिम डेविड (17) को आउट कर 120 रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम को पवेलियन भेजा। आरोन हार्डी (1) भी कुछ खास नहीं कर सके, लेकिन फिर मैक्सवेल का तूफान दिखा जिसे दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज काबू नहीं कर सके। एक छोर से जहां मैक्सवेल ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे थे, वहीं दूसरे छोर से निचले क्रम के बल्लेबाज अपने विकेट गंवाते जा रहे थे। हालांकि, बेन ड्वारशुईस ने मैक्सवेल का साथ दिया। उन्होंने भले ही एक रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर पर टिके रहे। मैक्सवेल और ड्वारशुईस के बीच सातवें विकेट के लिए 41 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। मैक्सवेल 36 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 62 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को जीत दिलाई। दक्षिण अफ्रीका के लिए कॉर्बिन बॉश ने तीन विकेट झटके, जबकि कगिसो रबाडा और कवेना मफाका ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, मार्करम को एक सफलता मिली।
ब्रेविस ने खेली अर्धशतकीय पारी
इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। दक्षिण अफ्रीका ने 49 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे, लेकिन एक बार फिर डेवाल्ड ब्रेविस की धुआंधार बल्लेबाजी देखने मिली। ब्रेविस ने 22 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया, लेकिन 26 गेंदों पर एक चौका और छह छक्कों की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुए। वान डेर डुसेन ने 26 गेंदों पर तीन चौकों के सहारे नाबाद 38 रनों की पारी खेली जिससे दक्षिण अफ्रीका की टीम 170 रन का स्कोर पार करने में सफल रही। ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस ने तीन विकेट लिए, जबकि जोश हेजलवुड और एडम जैम्पा को दो-दो विकेट मिले।