स्पेंसर जॉनसन की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टी20 मुकाबले में पाकिस्तान को 13 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 147 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम उस्मान खान के अर्धशतक के बावजूद 19.4 ओवर में 134 रन पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जॉनसन ने चार ओवर में 26 रन देकर पांच विकेट झटके।
जॉनसन ने पाकिस्तान के शीर्ष क्रम को झकझोरा जिससे पाकिस्तान की टीम लक्ष्य का पीछा करने में असफल रही। पाकिस्तान के लिए उस्मान खान ने 52 रन और इरफान खान ने नाबाद 37 रन बनाए, लेकिन टीम का कोई अन्य बल्लेबाज प्रभावी योगदान नहीं दे सका। कप्तान मोहम्मद रिजवान (16) दोहरे आंकड़े को पार करने वाले टीम के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए जॉनसन के अलावा एडम जांपा ने दो और जेवियर बार्टलेट ने एक विकेट अपने नाम किया।
रउफ-अफरीदी की शानदार गेंदबाजी
ऑस्ट्रेलिया टीम को घरेलू जमीन पर पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज गंवानी पड़ी थी, लेकिन टीम ने टी20 सीरीज में वापसी की और इसे अपने नाम किया। इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने के फैसले के बाद मैथ्यू शॉर्ट (17 गेंद में 32 रन) और जैक फ्रेजर मैकगर्क (आठ गेंद में 20 रन) ने 20 गेंद में 50 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को तेज शुरुआत दिलाई। तेज गेंदबाज हारिस रउफ (22 रन पर चार विकेट) और अब्बास अफरीदी (17 रन पर तीन विकेट) ने इसके बाद शानदार गेंदबाजी से पाकिस्तान की वापसी कराई।
शाहीन शाह अफरीदी के पहले ओवर में मैकगर्क ने लगातार गेंदों में तीन चौके और छक्का जड़ा, जबकि मैथ्यू शॉर्ट ने नसीम शाह का स्वागत छक्के और चौके से किया। रउफ ने अपने पहले ओवर में मैकगर्क और इंग्लिश को चलता किया जबकि अब्बास ने शॉर्ट को पवेलियन की राह दिखाई। मार्कस स्टोइनिस (14) दो आसान जीवन दान का फायदा उठाने में विफल रहे और सूफियान मुकीम की गेंद पर अब्बास द्वार लपके गए। ग्लेन मैक्सवेल 20 गेंद में 21 रन बनाकर इस गेंदबाज का दूसरा शिकार बने। रउफ ने इसके बाद टिम डेविड और जेवियर बार्टलेट के विकेट चटकाए, लेकिन आरोन हार्डी ने 23 गेंद में 28 रन की पारी से ऑस्ट्रेलिया को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया।