आमिर का विश्व कप का पहला मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ था जिसमें टीम 105 रन पर ढेर हो गई थी लेकिन आमिर ने 26 रन पर तीन विकेट लेकर अच्छा प्रदर्शन किया था। उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ जब टीम 14 रन से जीती तब उन्होंने 67 रन देकर दो विकेट लिए थे।
श्रीलंका के खिलाफ पाक का मुकाबला बारिश से धुल गया। पिछले चौदह मैचों में पाकिस्तान की टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मुकाबला जीता है। यह जीत जनवरी 2017 में मेलबर्न में मिली थी जिसमें मोहम्मद हफीज ने 72 रन बनाए थे। इंग्लैंड के खिलाफ हफीज ने 84 रन की पारी खेली।
पाक कप्तान सरफराज अहमद ने कहा, 'यह ठीक है कि हमने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ज्यादा मैच नहीं जीते लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ भी यही स्थिति थी। इंग्लैंड पर जीत से हमारा मनोबल बढ़ा है। हम आक्रामक अंदाज में खेलेंगे।'
विश्व कप में आमने-सामने
कुल मैच : 09
ऑस्ट्रेलिया जीत : 05
पाक जीत : 04
ओवरऑल रिकॉर्ड
कुल वनडे मैच : 103
पाकिस्तान : 32
ऑस्ट्रेलिया : 67
बेनतीजा : 03
टाई : 01
पाकिस्तान के ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज ने अपनी टीम से कहा है कि वह इंग्लैंड पर जीत से मिले आत्मविश्वास को लेकर मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच खेलने के लिए उतरे। इस 38 वर्षीय बल्लेबाज की 62 गेंदों पर खेली गयी 84 रन की पारी से पाकिस्तान ने नॉटिंगम में इंग्लैंड को 14 रन से हराया था।
हफीज ने कहा, मेरा मानना है कि सभी 10 टीमों को हराया जा सकता है। अगर आप इंग्लैंड पर गौर करो तो वे अपनी सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेल रहे हैं और लोगों को लगता था कि उसे हराना मुश्किल है। अगर आप हमारे अगले प्रतिद्वंद्वी (ऑस्ट्रेलिया) की बात करते हो तो वे भी अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं लेकिन उन्हें भी हराया जा सकता है। भारत ने पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया को 36 रन से हराया था।