ऑस्ट्रेलियाई टीम 24 साल बाद पाकिस्तान के दौरे पर जाएगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच तीन टेस्ट, तीन वनडे और एक टी-20 मैच खेला जाएगा। यह सीरीज अगले मार्च-अप्रैल में होनी है। हालांकि, दौरे के एलान के कुछ ही घंटों बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि कुछ खिलाड़ी पाकिस्तान का दौरा करने में सहज नहीं हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के पाकिस्तान दौरे पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
पाकिस्तान के लिए ऑस्ट्रेलिया का आना अहम
ऑस्ट्रेलिया का यह दौरा पाकिस्तान क्रिकेट के लिए काफी अहम है, क्योंकि टी-20 विश्व कप से ठीक पहले न्यूजीलैंड और इंग्लैंड सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान में खेलने से मना कर चुके हैं। ऐसे में पाकिस्तान में क्रिकेट को दोबारा से चालू करने के लिए कंगारू टीम का दौरा महत्वपूर्ण होगा। हालांकि, उससे पहले वेस्टइंडीज टीम पाक का दौरा करेगी। वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच सीरीज दिसंबर-जनवरी में खेली जाएगी।
पेन ने खिलाड़ियों को लेकर क्या कहा?
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन ने एक रेडियो चैनल से कहा- टीम में कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं, जो अभी भी किसी अनुभवी सलाहकार से मदद लेना चाहते हैं। वे अभी इस दौरे को लेकर विचार कर रहे हैं। साफ-साफ शब्दों में कहूं तो टीम के कई खिलाड़ी पाकिस्तान का दौरा करने को लेकर सहज नहीं हैं। बताया जा रहा है कि इनमें ग्लेन मैक्सवेल, डेविड वार्नर और पैट कमिंस जैसे बड़े नाम शामिल हो सकते हैं।
मैक्सवेल मार्च-अप्रैल में शादी कर सकते हैं
माना जा रहा है कि ऑलराउंडर मैक्सवेल मार्च-अप्रैल में शादी करने पर विचार कर रहे हैं। जिस समय ऑस्ट्रेलियाई टीम पाक का दौरा करेगी, तभी आईपीएल 2022 भी होना है। पाक दौरे पर जाने से ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के आईपीएल के कुछ मैच भी छूट जाएंगे। अगले साल आईपीएल में 10 टीमें खेलेंगी। ऐसे में कई ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को इसमें मौका मिल सकता है। यह भी एक बड़ी वजह हो सकती है। ऑस्ट्रेलियाई टीम 24 साल बाद पाकिस्तान के दौरे पर जा रही है। इससे पहले उन्होंने 1998 में पाकिस्तान का दौरा किया था।
ऑस्ट्रेलिया-पाकिस्तान सीरीज का शेड्यूल
ऑस्ट्रेलियाई टीम पाक दौरे पर तीन टेस्ट, तीन वनडे और एक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट 3 से 7 मार्च के बीच कराची में, दूसरा 12 से 16 मार्च रावलपिंडी में और तीसरा 21 से 25 मार्च तक लाहौर में खेला जाएगा। इसके बाद 29 मार्च, 31 मार्च, दो अप्रैल को तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। पांच अप्रैल को टी-20 मैच होगा।