मेजबान आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 0-3 की शर्मनाक शिकस्त के बाद अब श्रीलंका के सामने शुक्रवार से शुरू हो रही वन-डे सीरीज की चुनौती है। पांच वन-डे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। टीम में तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा की मौजूदगी श्रीलंकाई टीम के लिए राहत की बात है।
पिछले साल श्रीलंका ने आस्ट्रेलिया से सात वन-डे खेले थे और चार जीते थे। 2010 में श्रीलंका ने आस्ट्रेलिया को उसी के घर में 2-1 से हराकर पहली बार सीरीज जीती थी। आस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं ने पहले दो वन-डे से कप्तान माइकल क्लार्क, मैथ्यू वेड और डेविड वार्नर को आराम दिया है। इनके स्थान पर एरोन फिंच, फिल ह्यूज और उस्मान ख्वाजा को मौका दिया गया है। ऐसे में श्रीलंका के लिए वन-डे सीरीज में पलटवार करने का बेहतरीन मौका होगा।