मेहमान टीम ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे एशेज टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 405 रनों से रौंदकर पांच मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के सामने 509 रनों का लक्ष्य दिया था।
ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन ही इंग्लैंड को बड़े अंतर से हरा दिया, लेकिन इस जीत में 81 साल पुराना एक रिकॉर्ड भी टूट गया।
साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने चौथी पारी में विपक्षी टीम को जीत के लिए 28वीं बार 500 से ज्यादा का लक्ष्य दिया था और इसमें से सिर्फ एक बार ही वह मैच नहीं जीत पाया क्योंकि ड्रॉ पर खत्म हुआ था वो मैच। यानी 27 में कंगारू टीम जीत गई।
रनों के लिहाज से एशेज में यह तीसरी सबसे बड़ी जीत है। जबकि टेस्ट इतिहास में यह नौंवीं सबसे बड़ी हार है रनों के लिहाज से देखा जाए तो। इन नौ में से 5 जीत तो अकेले ऑस्ट्रेलिया ने हासिल किए हैं।
बड़े लक्ष्य के जवाब में फुस्स हो गई इंग्लैंड की टीम
पहली पारी में दोहरा शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलिया के स्टीवन स्मिथ को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मेहमान टीम की ओर से रखे गए 509 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम मैच के चौथे दिन रविवार को 37 ओवर में 103 रन पर ही धाराशायी हो गई।
इंग्लैंड की ओर से दूसरी पारी में पुछल्ले बल्लेबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने सर्वाधिक 25 रन बनाए। इंग्लैंड की टीम विशाल लक्ष्य के सामने शुरू से दबाव में रही और उसने अपने पांच विकेट 52 रन के कुल योग पर खो दिए थे जिनमें एडम लिथ (07), एलिस्टर कुक (11), गैरी बैलेंस (14), इयान बेल (11) और बेन स्टोक्स (शून्य) के विकेट शामिल थे।
जोस बटलर 11 रन बनाकर आउट हुए वहीं मोइन अली बिना खाता खोले लौटे। जोए रूट ने 17 रन बनाए वहीं जेम्स एंडरसन खाता भी नहीं खोल सके। मार्क वुड दो रन पर नाबाद लौटे।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से दूसरी पारी में मिचेल जॉनसन ने तीन जबकि जोश हेजलवुड और नाथन लियोन ने दो-दो विकेट झटके। मिचेल स्टार्क और मिचेल मार्श के खाते में एक-एक विकेट गया।
पहली पारी में 254 रनों की बढ़त हासिल करने वाली मेहमान टीम ने अपनी दूसरी पारी दो विकेट पर 254 रन पर घोषित की थी।
स्मिथ ने फिर तोड़ा डॉन ब्रैडमैन का रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया की ओर से चौथे दिन रविवार के खेल की शुरुआत कल के नाबाद लौटे सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर (60) और क्रिस रोजर्स (44) ने की। ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन के खेल की समाप्ति पर अपनी दूसरी पारी में बिना कोई विकेट गंवाए 108 रन बनाए थे।
सलामी बल्लेबाज रोजर्स 49 रन के निजी योग पर रिटायर्ड हर्ट हुए। डेविड वॉर्नर को 83 रन के निजी योग पर मोइन अली ने कुक के हाथों कैच कराया।
हरफनमौला स्टीवन स्मिथ ने 48 गेंदों पर ताबड़तोड़ 58 रन बनाए। कप्तान माइकल क्लार्क 32 और मिचेल मार्श 27 रन पर नाबाद लौटे। इंग्लैंड की ओर से अली ने दो विकेट झटके।
स्मिथ ने एक ही एशेज टेस्ट में दोहरा शतक और अर्धशतक लगाने के 81 साल पुराने अपनी टीम के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। उन्होंने पहली पारी में 215 और दूसरी पारी में 58 रन बनाए। स्मिथ से पहले 1934 में डॉन ब्रैडमैन ने यह कारनामा किया था ओवल के मैदान पर।
ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 566 रन बनाकर घोषित की थी इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 312 रन बनाकर पवेलियन लौट गई थी।