ऑस्ट्रेलिया ने फोएबे लिचफील्ड के शतक और एलिस पैरी तथा एश्ले गार्डनर के अर्धशतकों की मदद से भारत के सामने 339 रनों का लक्ष्य रखा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और उसकी पूरी टीम 49.5 ओवर में 338 रन पर ऑलआउट हो गई। यह महिला विश्व कप के सेमीफाइनल का सर्वोच्च स्कोर है। ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच बुधवार को गुवाहाटी में खेले गए पहले सेमीफाइनल में बने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
भारत के खिलाफ विश्व कप में पहली पारी का सर्वोच्च स्कोर
महिला विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों का यह दूसरा सर्वोच्च स्कोर है। महिलाओं के विश्व कप के नॉकआउट मैच में सबसे ज्यादा स्कोर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 2022 के फाइनल में बना था। उस वक्त ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट पर 356 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया का यह विश्व कप में भारत के खिलाफ पहली पारी में सर्वोच्च स्कोर है। उसने इस मामले में इंग्लैंड को पीछे छोड़ा जिसने भारत के खिलाफ इसी महीने इंदौर में आठ विकेट पर 288 रन बनाए थे।
लिचफील्ड ने शतक लगाकर हासिल की बड़ी उपलब्धि
सेमीफाइनल मुकाबले में भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लिए लिचफील्ड ने शानदार बल्लेबाजी की और शतक लगाया। लिचफील्ड और पैरी के बीच दूसरे विकेट के लिए 155 रनों की साझेदारी हुई। लिचफील्ड ने महज 77 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और शानदार उपलब्धि अपने नाम कर ली। लिचफील्ड 22 साल 195 दिन की उम्र में महिला विश्व कप के नॉकआउट में शतक लगाने वाली सबसे युवा बल्लेबाज बन गई हैं। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया के लिए शतक लगाने वाली दूसरी युवा बल्लेबाज हैं।
ऑस्ट्रेलिया की पारी
लिचफील्ड और पैरी जब तक क्रीज पर थे लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 350 से अधिक जाएगा, लेकिन अमनजोत ने लिचफील्ड को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। लिचफील्ड 119 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद पैरी ने मोर्चा संभाला, लेकिन ऑस्ट्रेलिया को श्री चरणी ने बेथ मूनी (24) और एनाबेल सदरलैंड (3) के रूप में दो झटके दिए। इसके बाद राधा यादव ने पैरी की पारी का अंत किया जो 77 रन बनाकर आउट हुईं। ताहिला मैक्ग्रा इस मैच में कुछ खास नहीं कर सकीं और 12 रन बनाकर रन आउट हो गईं। लेकिन एश्ले गार्डनर ने अंत में तेज तर्रार पारी खेली जिससे ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 300 के पार पहुंचा। गार्डनर 63 रन बनाकर रन आउट हो गईं।
दीप्ति शर्मा ने फिर आखिरी ओवर में अलाना किंग (4) और सोफी मोलिन्यूक्स को खाता खोले बिना आउट किया। दीप्ति हैट्रिक पूरी नहीं कर सकीं, लेकिन किम गार्थ (17) रन आउट हो गईं जिससे ऑस्ट्रेलिया की टीम पूरे 50 ओवर नहीं खेल सकी। भारत के लिए श्री चरण और दीप्ति शर्मा को दो-दो विकेट मिले, जबकि अमनजोत कौर, क्रांति गौड़ और राधा यादव को एक-एक विकेट मिला।