ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर का कहना है कि भले ही उन्हें आर अश्विन ने कई बार आउट किया हो बावजूद इसके वह इस ऑफ स्पिनर के खिलाफ अपना शॉट खेलना जारी रखेंगे। अश्विन ने मौजूदा टेस्ट सीरीज की चार पारियों में तीन बार वॉर्नर को आउट किया है।
वॉर्नर ने ऑस्ट्रेलिया मीडिया से कहा, ‘उन्होंने मुझे कुल नौ बार आउट किया है। इसलिए उन्हें इसका श्रेय जाता है।’ अश्विन ने बंगलूरू टेस्ट की पहली पारी में वॉर्नर को बोल्ड किया था जबकि दूसरी पारी में उन्होंने एलबीडब्ल्यू आउट कर पवेलियन की राह दिखाई थी।
बकौल वॉर्नर, ‘पिछले टेस्ट में मुझे उनके खिलाफ स्विच हिट करने का इरादा था। मैं रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश कर रहा था। मेरे लिए एकमात्र चिंता का विषय अनियमित उछाल है। यह मेरे लिए हमेशा चुनौती है।’ वॉर्नर का मानना है कि यदि अश्विन की लय बिगाड़नी है तो उनकी गेंदों पर स्विच हिट खेलना होगा लेकिन भारतीय विकेट पर ऐसा करना आसान नहीं है।