पुरानी कहावत है कि 'ज्यादा होशियारी कहीं खुद पर ही भारी न पड़ जाए।' यही हाल इस वक्त वर्ल्ड चैंपियन टीम ऑस्ट्रेलिया का है। टीम इंडिया के खिलाफ टी-20 सीरीज के आखिरी दो मैचों में दिग्गजों को टीम में शामिल न किए जाने को लेकर उनकी होशियारी की पोल खुल गई।
ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम के खिलाफ वनडे में जीत के बाद टी-20 सीरीज को गंभीरता से नहीं लिया और आखिरी दो मैचों से पहले ही डेविड वॉर्नर, स्टीवन स्मिथ और जोस हेजलवुड समेत दिग्गजों को न्यूजीलैंड भेज दिया।
गौरतलब है कि न्यूजीलैंड में ऑस्ट्रेलिया इस वक्त मेजबान टीम के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रही है। दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और दो टेस्ट मैचों की सीरीज होनी है। सभी मैच 24 फरवरी तक चलेंगे।
पहले वनडे मैच से पहले ही अपने दिग्गजों को अभ्यास के लिए भेजने की होशियारी टीम पर ही भारी पड़ गई। पहले मैच में कंगारूओं का बुरा हाल हुआ।
गुप्टिल का बल्ला फिर चला, लगाए 5 छक्के और 8 चौके
बुधवार को ऑकलैंड में हुए पहले वनडे मैच में कंगारू टीम की पोल खुल गई। वर्ल्ड चैंपियन टीम को 159 रनों के अंतर से हार झेलनी पड़ी। कीवी टीम के 50 ओवरों में 8 विकेट पर 307 के जवाब में कंगारू टीम 24.2 ओवर में 148 रन ही बना सकी। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया से टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण चुना।
अच्छी शुरुआत के साथ कीवी ओपनर मार्टिन गुप्टिल फिर रंग में नजर आए। 5 छक्के और 8 चौकों के साथ वह 90 के स्कोर पर रनआडट हुए। हालांकि केन विलियम्सन खाता खोलने और ब्रैंडन मैककुलम अर्धशतक लगाने से चूक गए। कंगारूओं की ओर से जोस हेजलवुड, जेम्स फॉकनर और मिचेल मॉर्श तीनों को 2-2 विकेट मिले।
जवाब में ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी बेहद निराशाजनक रही। टीम का कोई भी बल्लेबाज लंबी पारी खेलने में नाकाम रहा।
6 बल्लेबाज दहाई का आकंड़ा छू तक नहीं पाए
कीवी टीम के बड़े स्कोर के जवाब में ऑस्ट्रेलियाई शीर्ष क्रम बिखर गया। कीवी टीम के तेज गेंदबाजों पूरी तरह हावी दिखे। 10 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवाने के बाद टीम के विकेटों का पतन जारी रहा।
डेविड वॉर्नर ने 12 रन, कप्तान स्टीवन स्मिथ 18 रन, जॉर्ज बैली 2 रन और तूफानी बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल शून्य रन ही बना सके। टीम इंडिया के खिलाफ आखिरी टी-20 मैच के शतकवीर मिचेल मॉर्श खाता भी नहीं खोल सके। टीम के 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक छू नहीं पाए। कीवी की ओर से ट्रैंट बोल्ट और मेट हेनरी को 3-3 सफलताएं मिली।