कोरोना वायरस महामारी के कारण हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई की कोशिश में जुटा क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया भारत के खिलाफ साल के आखिर में 4 टेस्ट मैचों की सीरीज को 5 में बदलने के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरा अक्टूबर में T-20 त्रिकोणीय सीरीज से शुरू होगा और दिसंबर-जनवरी में चार मैचों की टेस्ट सीरीज से खत्म होगा।
इस बीच में टी-20 वर्ल्ड कप भी है, जो 18 अक्टूबर से शुरू होगा, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इसे लेकर अनिश्चितता की स्थिति है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ केविन रॉबर्टस ने कहा, 'अंतरराष्ट्रीय सत्र पर पड़े प्रभाव की बात करें तो हमें लाखों डॉलर का नुकसान हुआ है। हम इसकी भरपाई के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं। हम तमाम विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।'
दर्शकों के बिना टी-20 वर्ल्ड कप कराने पर भी विचार हो रहा है। उन्होंने कहा, 'हमारे पास अभी समय है। भारत के खिलाफ सीरीज के दौरान विभिन्न विकल्पों पर गौर किया जा रहा है। इस समय हम किसी संभावना से इनकार नहीं कर रहे। इससे भले ही आर्थिक फायदा नहीं होगा लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सत्र के लिए यह जरूरी है। प्रसारण अधिकारों से मिलने वाला राजस्व आईसीसी और पूरे क्रिकेट जगत के लिए अहम है। हम टी-20 विश्व कप कराने की पूरी कोशिश करेंगे।'
कोरोना महामारी के चलते खेल ठप हो चुके हैं और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 30 जून को समाप्त होने वाले वित्तीय वर्ष के बाकी हिस्से के लिए अपने 80 प्रतिशत स्टाफ को छुट्टी दे दी है।