चौथे टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया को तगड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार खिलाड़ी विल पुकोवस्की चोटिल हो गए हैं। इसके बाद भारत के खिलाफ 15 जनवरी से शुरू होने वाले चौथे टेस्ट में उनका खेलना संदिग्ध माना जा रहा है। दरअसल, सिडनी टेस्ट के दौरान उनके दाहिने कंधे में चोट लग गई, जब भारतीय पारी के 86वें ओवर में उन्होंने गेंद को गिरकर रोकने का प्रयास किया।
चोट ऐसी लगी कि वह कुछ देर कंधा पकड़कर बैठ गए। आखिर में वह मैदान से चले गए। इसके बाद स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के मुताबिक, 'अभी पुकोवस्की की फिटनेस के बारे में कोई आधिकारिक अपडेट नहीं आया है।'
भारत के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले पुकोवस्की ने पहली पारी में 62 रन बनाए लेकिन दूसरी पारी में महज दस रन पर आउट हो गए। पिछले महीने भी वह अभ्यास मैच के दौरान वह कनकशन (सिर की चोट) का शिकार हो गए थे। बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बार्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज का आखिरी टेस्ट ब्रिस्बेन के गाबा में 15 जनवरी से खेला जाना है। चार मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 से बराबर है।