ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल के लिए लाइन अप तय होने से पहले रविवार को दुबई के आईसीसी अकादमी में तीन घंटे का अभ्यास किया। भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले से सेमीफाइनल का कार्यक्रम तय हो जाएगा। ग्रुप ए में शीर्ष पर रहने वाली टीम का सामना अंतिम चार में ऑस्ट्रेलिया से होगा।
युवा खिलाड़ियों ने लगाई ताकत
ऑस्ट्रेलिया टीम फिलहाल दुबई में है। उसने रविवार को लंबा अभ्यास किया जिसमें उसके बल्लेबाजों का ध्यान स्पिन खेलने पर रहा। स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों ने जहां हल्का अभ्यास किया, वहीं युवा खिलाड़ियों ने पूरी ताकत लगाई। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने आईसीसी अकादमी के सात नेट गेंदबाजों को चुना जिसमें सभी स्पिनर थे। इनमें बाएं हाथ के धीमी गति के गेंदबाज हर्षित सेठ के अलावा दो बाएं हाथ के चाइनामैन गेंदबाज, इतने ही ऑफ स्पिनर और एक लेग स्पिनर शामिल था।
चारों टीमें दुबई में मौजूद
ऑस्ट्रेलिया ग्रुप बी में दक्षिण अफ्रीका के बाद दूसरे स्थान पर रहा और दोनों टीमें यूएई में मौजूद हैं क्योंकि अभी उन्हें नहीं पता कि सेमीफाइनल में उनका प्रतिद्वंद्वी कौन होगा। ऑस्ट्रेलिया अपने अंतिम चार मुकाबले में ग्रुप ए की तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीमों भारत या न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। भारत के साथ पहला सेमीफाइनल मंगलवार को दुबई में और दूसरा बुधवार को लाहौर में खेला जाएगा।
रविवार को ट्रेनंग के बाद स्पिनर हर्षित सेठ ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने नेट गेंदबाजों से एक निश्चित लेंथ पर गेंदबाजी करने को कहा था जिससे उन्हें ड्राइव और फ्लिक करने का मौका मिले।