श्रीलंका इन दिनों आर्थिक संकट से जूझ रहा है। देश में तरह-तरह के विवाद सामने आ रहे हैं और तोड़फोड़ भी हो रही हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर्स ने श्रीलंका की मदद के लिए अहम कदम उठाया है। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों ने श्रीलंका को मदद के तौर पर 24 लाख रुपये (30 हजार यूएस डॉलर) देने का फैसला लिया है।
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका का दौरा किया था। इसी दौरे से मिली राशि को कंगारू क्रिकेटर्स ने श्रीलंका के बच्चों की देखभाल के लिए दान करने का फैसला लिया है। सीए ने कहा कि श्रीलंका यात्रा के दौरान टीम ने वहां प्रदर्शन और पेट्रोल के लिए लंबी लाइन लगते हुए देखा था।
इसके बाद ही श्रीलंका की मदद करने का फैसला लिया गया था। ऐसे में सीए ने समर्थन के रूप में 30,000 अमेरिकी डॉलर का दान देने का फैसला लिया है। बढ़ती मुद्रास्फीति और व्यापक ईंधन की कमी ने लाखों श्रीलंकाई लोगों के लिए जीवन कठिन बना दिया है।
संयुक्त राष्ट्र ने मानवीय संकट की घोषणा की है और व्यापक विरोध के कारण देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को हटा दिया गया है। दौरे पर पहुंची आस्ट्रेलियाई टीम ने इन घटनाओं को काफी करीब से देखा था। कप्तान पैट कमिंस ने कहा- यह हमारे लिए बहुत स्पष्ट था कि श्रीलंकाई लोगों के लिए दिन-प्रतिदिन का जीवन कितना प्रभावित हो रहा है। यह पैसा संयुक्त राष्ट्र बाल सहायता एजेंसी यूनिसेफ को जाएगा।