ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने कहा है कि क्रिकेट के छोटे फॉर्मेट के लिए उनकी टीम में महेंद्र सिंह धोनी या माइकल बेवन जैसे फिनिशर की तलाश कर रही है। न्यूजीलैंड के खिलाफ 13 मार्च से होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने मध्यक्रम की ताकत को अजमाना चाहती है।
सीरीज से पहले लैंगर ने कहा कि वे खुशकिस्मत रहे हैं कि पूर्व में उनकी टीम के पास माइकल बेवन और माइक हसी जैसे फिनिशर रहे हैं। धोनी इसके मास्टर है, इंग्लैंड की तरफ से जोस बटलर भी ऐसे ही हैं। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि इस वक्त दुनियाभर में हर कोई इसी चीज की तलाश कर रहा है।
धोनी ने भारत को कठिन परिस्थितियों से निकालकर कई मैच जिताए हैं, जैसे बेवन और हसी ने किया था।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 0-3 से सीरीज हारने के बाद लैंगर ने कहा कि इस वक्त ऑस्ट्रेलियाई टीम में ऐसे ही शख्स की तलाश है और उसके लिए दरवाजे पूरी तरह से खुले हुए हैं।