ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान टिम पेन
- फोटो : social media
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान टिम पेन रविवार को बिग बैश लीग (बीबीएल-10) के एक मुकाबले में मैदान पर पानी पिलाते नजर आए। इसे देख फैंस ने उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया है। दरअसल, बीबीएल की टीम होबार्ट हरीकेंस ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक टिम पेन की एक तस्वीर साझा की है, जिसमें वह वॉटर ब्वॉय के रूप में नजर आ रहे हैं। बता दें कि होबार्ट हरीकेंस ने पेन को अपनी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दी, जिसके बाद कंगारू कप्तान को मैदान पर पानी पिलाते हुए देखा गया। सोशल मीडिया पर पेन की यह तस्वीर खूब वायरल हो रही है। कुछ फैंस उनका जमकर मजाक उड़ा रहे हैं तो कुछ हमदर्दी जता रहे हैं।
छीनी जा सकती है टिम पेन की कप्तानी
भारत से मिली हार के बाद ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटरों ने टिम पेन की आलोचना शुरू कर दी थी। पेन की कप्तानी पर सवाल उठाते हुए पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज इयान हिली ने कहा था कि अब समय है कि पेन को कप्तानी से हटाकर पैट कमिंस या स्टीव स्मिथ को सौंपी जाए। वही, हार के बाद दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न ने कहा, 'मैं सदमे में हूं और विश्वास नहीं कर पा रहा हूं। ये कैसी रणनीति थी, आपने सही तरीके से फील्डिंग तक नहीं लगाई। बता दें कि भारत ने ब्रिस्बेन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को तीन विकेट से हराकर चार मैचों की टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी।