ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल मुकाबले के आयोजल स्थल को लेकर सलाह दी है। कमिंस का कहना है कि डब्ल्यूटीसी का फाइनल उस देश में होना चाहिए जिसने इसका पिछला चक्र जीता है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल मुकाबले से पहले कमिंस ने इंग्लैंड के बाहर ये मैच कराए जाने की सलाह दी है। अब तक तीनों बार डब्ल्यूटीसी का फाइनल इंग्लैंड में ही खेला गया है।
हाल ही में ऐसी खबरें आई थी कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने डब्ल्यूटीसी के फाइनल मुकाबले की मेजबानी करने पर विचार कर रहा है। कमिंस भी इस विचार से सहमत थे कि फाइनल मैच को इंग्लैंड के बाहर आयोजित किया जाना चाहिए, लेकिन उन्होंने कहा कि यदि व्यवस्था संभव नहीं हुई तो फाइनल हमेशा लॉर्ड्स में ही आयोजित किया जाना चाहिए।
कमिंस ने कहा, लॉजिस्टिक्स के नजरिये से देखें तो एक ही स्थान पर फाइनल कराना ज्यादा आसान है। ये भी अच्छा रहेगा कि अगली बार से पिछले चक्र का विजेता देश इसकी मेजबानी करे। लेकिन एक विकल्प के रूप में मुझे लगता है कि हर चक्र में लॉर्ड्स में इसका आयोजन करना भी एक बहुत अच्छी जगह है।
कमिंस ने वनडे विश्व कप की जीत को रखा सबसे ऊपर
डब्ल्यूटीसी की गत विजेता ऑस्ट्रेलिया भारत और श्रीलंका के खिलाफ लगातार दो सीरीज जीतकर फाइनल में पहुंची है। डब्ल्यूटीसी जीतने के अहसास के बारे में पूछे जाने पर कमिंस ने कहा कि भले ही टेस्ट चैंपियनशिप जीतना एक अभूतपूर्व उपलब्धि है, लेकिन ये भारत में वनडे विश्व कप जीत से कम ही रहेगी। उन्होंने कहा, पिछले चार साल इस टीम के लिए बेहद सफल रहे हैं और यह खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए हमारे करियर का एक बड़ा हिस्सा रहा है। हमें लगता है कि हम सभी विभिन्न परिस्थितियों में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम रहे हैं और अंत में डब्ल्यूटीसी की ट्रॉफी (मेस) को अपने पास रखना एक बहुत अच्छा संकेत होगा, जो न केवल अभी बल्कि भविष्य में भी देखने को मिलेगा।
दक्षिण अफ्रीका से 11 जून से सामना
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने कहा, 'वनडे विश्व कप 2023 की जीत सबसे ऊपर रहेगी। लेकिन मेरा मानना है कि विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप उससे कुछ नीचे है क्योंकि आप दुनिया की हर दूसरी टीम के खिलाफ खेलते हैं और आप पिछले कुछ वर्षों से फाइनल में पहुंचने में सफल रहे हैं, इसलिए डब्ल्यूटीसी का भी बहुत महत्व है।' ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच 11 जून से लॉर्ड्स में डब्ल्यूटीसी 2023-25 चक्र का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।