ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के कप्तान आरोन फिंच को उम्मीद है कि खिलाड़ियों के परिवारों को जल्द ही विदेशी दौरों पर उनके साथ जाने की अनुमति दी जाएगी ताकि वे कोविड-19 महामारी के इस कठिन समय में जैव-सुरक्षित माहौल (बायो-बबल) में बेहतर मानसिक स्थिति के साथ रह सके। फिंच का यह बयान भारतीय खिलाड़ियों को मौजूदा इंग्लैंड दौरे के लिए अपने परिवार को साथ ले जाने की अनुमति मिलने के बाद आया है।
फिंच जल्द ही पिता बनने वाले है लेकिन उन्हें अगले दो महीने तक राष्ट्रीय टीम के साथ देश से बाहर रहना होगा। फिेच ने ऑस्ट्रेलियाई एसोसिएटेड प्रेस से कहा, 'ऐसा जोखिम हैं जिसे आप ले सकते है। वह (पत्नी) मेरे जाने को लेकर खुश नहीं थी और अगर बच्चे का जन्म थोड़ा पहले हो जाता है तो हम कुछ परेशानी में पड़ सकते हैं।' फिंच 20 सदस्यीय टीम के साथ सोमवार को वेस्टइंडीज दौरे के लिए रवाना होंगे। ऑस्ट्रेलियाई टीम को यहां पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय और तीन एकदिवसीय मैचों की श्रृंखला खेलनी है। इसके बाद उन्हें बांग्लादेश के दौरे पर जाना है।