प्रेमा रावत और राधा यादव की शानदार गेंदबाजी के बाद शैफाली वर्मा (25 गेंद में 41) की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के बावजूद भारत ए को तीसरे अनाधिकृत टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया ए से चार रन से हार का सामना करना पड़ा।
लेग स्पिनर प्रेमा (3/24) और वामहस्त स्पिनर राधा (3/31 ) ने ऑस्ट्रेलिया ए को आठ विकेट पर 144 रन रोक दिया। भारत ए के पास सीरीज में पहली जीत दर्ज करने का शानदार मौका था लेकिन टीम शैफाली की साहसिक पारी के बावजूद आठ विकेट पर 140 रन ही बना सकी। सियाना जिंजर ने चार ओवर में 18 रन देकर चार विकेट चटकाए जिससे ऑस्ट्रेलिया ए ने तीन मैचों की इस सीरीज में लगातार तीसरी जीत के साथ सूपड़ा साफ किया।
जिंजर ने अहम मौकों पर शैफाली के अलावा राघवी बिष्ट (25) कप्तान राधा (नौ) संजीवन साजना (तीन) के विकेट के साथ टीम की जीत पक्की की। भारत ने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करते हुए दिनेश वृंदा (चार) को शैफाली के साथ पारी का आगाज करने के लिए भेजा जबकि उमा छेत्री (03) तीसरे क्रम पर आईं। टीम का यह दांव सफल नहीं रहा और उसने 16 रन तक दो विकेट गंवा दिए। शैफाली और राघवी ने इसके बाद तीसरे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी कर लड़खड़ाती पारी को संभाला। राघवी ने इसके बाद मिन्नू मनी (30) के साथ 48 रन की साझेदारी कर टीम के स्कोर को 100 रन के पार पहुंचाया। टीम का स्कोर जब 107 रन था तब राघवी स्टंप आउट हो गई। इसके कुछ ही समय के बाद मिन्नू के रन आउट होने से भारतीय बल्लेबाज दबाव में आ गईं। राधा, तनुजा कंवर (एक) और साजना जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गईं।