ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने शनिवार को मुंबई में खेले गए ट्राई नेशन टी-20 सीरीज के फाइनल मुकाबले में मेग लैनिंग (88* रन, 45 गेंद, 16 चौके और 1 छक्के) की शानदार पारी की बदौलत इंग्लैंड को 57 रनों से हराकार इतिहास रच दिया। इसके साथ ही कंगारू की टीम ने टी-20 इंटरनेशनल ट्राई सीरीज अपने नाम कर ली।
मुंबई के ब्रेबॉर्न स्टेडियम में खेली गई-20 ट्राई सीरीज के फाइनल में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को जीत के लिए 210 रन का लक्ष्य दिया। जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 152 रन ही बना सकी और मैच हार गई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए। लैंनिंग के अलावा एलिसा हैली (33), गार्डनर (33) और एलेस विलानी ने 51 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड की तरफ से जेनी गुन ने 2 और ताश फरांट ने 1 विकेट लिए।
जीत के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की शुरुआत बेहद ही खराब रही। 100 रन के भीतर ही इंग्लैंड की टीम अपनी 4 विकेट गंवा चुकी थी। डेनिएल याट (34) के रूप में इंग्लैंड का पहला विकेट गिरा। याट के अलावा नताली साइवर ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, जोंस (30) और विलसन ने 14 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मेगन शट ने 3, डेल्सा किमंन्स ने 2, गार्डनर ने 2 और एलिसा पैरी ने 1 विकेट लिए।