तेज गेंदबाज स्काट बोलैंड (नौ रन पर तीन विकेट) के एक ओवर में तीन विकेट की मदद से ऑस्ट्रेलिया की टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट में मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। दिन-रात्रि मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन वेस्टइंडीज को 214 रन पर ढेर कर दिया था।
उसके बाद अंतिम सत्र में अपनी दूसरी पारी 6 विकेट पर 199 रन बनाकर घोषित कर दी। वेस्टइंडीज को दो दिन में 497 रन बनाने का लक्ष्य मिला है। उसके बाद पारी के छठे ओवर में आए बोलैंड ने दूसरी पारी में तीन विकेट लेकर मेहमान टीम का स्कोर तीन विकेट पर 15 रन कर दिया।
उन्होंने पहली गेंद पर क्रेग ब्रेथवेट (03) को विकेट के पीछे कैच कराया। फिर ब्रुक्स को बिना खाता खोले एलबीडब्ल्यू कर दिया। दो गेंद बाद जर्मेन ब्लैकवुड (00) को गली में कैच करा दिया। दूसरी पारी में वेस्टइंडीज का स्कोर 38 रन पर चार विकेट हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने चंद्रपाल (17) को विकेट के पीछे कैच कराया।