फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

AUS vs NZ ODI: ऑस्ट्रेलिया ने रोमांचक मैच में न्यूजीलैंड को हराया, कैमरून ग्रीन और एलेक्स कैरी ने किया कमाल

Tue, 06 Sep 2022 07:01 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, केर्न्स

सार

ऑस्ट्रेलिया एक समय 12 ओवर में 44 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद संघर्ष कर रही थी। यहां से ग्रीन और कैरी ने मोर्चा संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 158 रन की साझेदारी की और टीम को जीत दिलाई।
विज्ञापन
एलेक्स कैरी और कैमरून ग्रीन - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला अपने नाम किया। उसने मंगलवार (छह सितंबर) को केर्न्स में खेले गए मैच में दो विकेट से जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही कंगारू टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड की टीम ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 232 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने 45 ओवर में आठ विकेट पर 233 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन


कंगारू टीम के लिए मैच के हीरो ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन और विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी रहे। ऑस्ट्रेलिया एक समय 12 ओवर में 44 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद संघर्ष कर रही थी। यहां से ग्रीन और कैरी ने मोर्चा संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 158 रन की साझेदारी की और टीम को जीत दिलाई। ग्रीन ने नाबाद 89 और कैरी ने 85 रन बनाए। ग्रीन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

न्यूजीलैंड के बल्लेबाज नहीं खेल पाए बड़ी पारी
न्यूजीलैंड की पारी की बात करें तो मार्टिन गुप्टिल पांचवें ओवर में छह रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें मिचेल स्टार्क ने ग्लैन मैक्सवेल के हाथों कैच कराया। इसके बाद डेवोन कॉनवे और कप्तान केन विलियम्सन ने दूसरे विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी की। कॉनवे 46 रन बनाकर एडम जम्पा की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। कुछ देर बाद केन विलियम्सन भी पवेलियन लौट गए। उन्होंने 45 रन बनाए। मैक्सवेल की गेंद पर डेविड वॉर्नर ने उनका कैच लिया। 
विज्ञापन


टॉम लाथम और डैरेल मिचेल ने कुछ उम्मीदें जगाईं, लेकिन ज्यादा देर तक नहीं टिक सके। लाथम 45 और मिचेल 26 रन बनाकर मैक्सवेल का शिकार बने। जेम्स नीशम ने 16 और मिचेल सैंटनर ने 13 रन बनाए। दोनों को जोश हेजलवुड ने आउट किया। माइकल ब्रैसवेल सात रन बनाकर मैक्सवेल और मैट हेनरी चार रन बनाकर हेजलवुड का शिकार बने। ट्रेंट बोल्ट ने नाबाद छह और लॉकी फर्ग्यूसन ने नाबाद पांच रन बनाए। कंगारू टीम के लिए ग्लेन मैक्सवेल ने चार और जोश हेजलवुड ने तीन विकेट लिए। मिचेल स्टार्क और एडम जम्पा को एक-एक सफलता मिली।

ऑस्ट्रेलिया की रही खराब शुरुआत
आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। एरॉन फिंच पांच, स्टीव स्मिथ एक, मार्कस स्टोइनिस पांच रन बनाकर आउट हुए। मार्नस लाबुशेन तो खाता भी नहीं खोल पाए। डेविड वॉर्नर 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे। बोल्ट ने फिंच, स्मिथ और लाबुशेन को आउट किया। वहीं, मैट हेनरी ने वॉर्नर और स्टोइनिस को पवेलियन भेजा।

पांच विकेट 44 रन पर गिर जाने के बाद ग्रीन और कैरी ने पारी को संभाला। दोनों ने लगातार रन बनाए और न्यूजीलैंड को परेशान किया। कीवी टीम 12 ओवर के बाद 40वें ओवर तक विकेट नहीं ले सकी। 40वें ओवर की पहली गेंद पर कैरी आउट हुए। उन्हें फर्ग्यूसन ने हेनरी के हाथों कैच कराया। कैरी ने 99 गेंद की पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। वह 202 के स्कोर पर आउट हुए। तीन रन बाद ही ग्लेन मैक्सवेल पवेलियन लौट गए। उन्होंने सिर्फ दो रन बनाए। बोल्ट की गेंद पर नीशम ने उनका कैच लिया। फिर दो रन बाद मिचेल स्टार्क को फर्ग्यूसन ने डैरेल मिचेल के हाथों कैच कराया। 

मैक्सवेल बल्लेबाजी में फेल
ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 26 रन बनाने थे और उसके हाथ में सिर्फ दो विकेट थे। यहां से ग्रीन और एडम जम्पा ने संभलकर बल्लेबाजी की। दोनों ने नौवें विकेट के लिए नाबाद 26 रनों की साझेदारी की और टीम को जीत दिलाई। ग्रीन ने 92 गेंद की पारी में 89 रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके निकले। उन्होंने एक छक्का भी लगाया। जम्पा 13 गेंद पर 13 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने एक चौका लगाया। न्यूजीलैंड के लिए बोल्ट ने सर्वाधिक चार विकेट लिए। हेनरी और फर्ग्यूसन को दो-दो सफलता मिली।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें